आगरा में मौत बनकर दौड़ा कैंटर, कार को 100 मीटर तक घसीटा, दो की मौके पर मौत
फतेहाबाद-बाह मार्ग पर ‘बाबा की तिबरिया’ के पास देर रात हादसा। कैंटर और कार की आमने-सामने की जोरदार टक्कर। टक्कर के बाद कार करीब 100 मीटर तक घिसटती चली गई। कार सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत। हाइड्रा और कटर की मदद से निकाले गए शव। मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी। हादसे के बाद कैंटर चालक फरार, पुलिस तलाश में जुटी।
फतेहाबाद-बाह मार्ग पर देर रात भीषण सड़क हादसा, फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस
आगरा। आगरा के फतेहाबाद-बाह मार्ग पर सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। फतेहाबाद थाना क्षेत्र के ‘बाबा की तिबरिया’ के पास रात करीब एक बजे तेज रफ्तार कैंटर और कार के बीच आमने-सामने की जबरदस्त भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि कार कैंटर के अगले हिस्से में फंस गई और करीब 100 मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन तब तक कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी। कार में सवार दोनों लोग वाहन के अंदर बुरी तरह फंस गए थे और उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। पुलिस ने हाइड्रा मशीन और कटर की मदद से कार को कैंटर से अलग कराया। इसके बाद काफी मशक्कत के बाद दोनों शवों को बाहर निकाला गया।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस उनकी शिनाख्त कराने के प्रयास में जुटी हुई है। हादसे के बाद कैंटर चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश के लिए पुलिस आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा है। चालक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।