आगरा में जैन धर्म की आध्यात्मिक चेतना का महोत्सव, सिद्धचक्र विधान से लेकर तीर्थंकर माता–पिता के सम्मान तक भक्ति और उल्लास

आगरा में जैन समाज इन दिनों गहन आध्यात्मिक वातावरण और भक्ति के रंग में रंगा हुआ है। एक ओर श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान एवं विश्व शांति महायज्ञ के अंतर्गत भगवान महावीर की आराधना, अभिषेक और शांतिधारा का क्रम चल रहा है, वहीं दूसरी ओर आगामी आदिनाथ पंचकल्याणक महोत्सव के अंतर्गत तीर्थंकर माता–पिता के चयन पर गोदभराई एवं सम्मान समारोह जैसे आयोजनों ने पूरे समाज को आस्था, संस्कार और उत्सव से जोड़ दिया।

Feb 28, 2026 - 19:32
 0
आगरा में जैन धर्म की आध्यात्मिक चेतना का महोत्सव, सिद्धचक्र विधान से लेकर तीर्थंकर माता–पिता के सम्मान तक भक्ति और उल्लास
सेक्टर सात के जैन मंदिर में सिद्धचक्र विधान के दौरान धार्मिक क्रियाएं करते श्रद्धालुजन।

श्री शांतिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर में सिद्धचक्र महामंडल विधान का भव्य आयोजन

आगरा। श्री शांतिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर, सेक्टर-7, आवास विकास कॉलोनी, सिकंदरा में चल रहे श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान एवं विश्व शांति महायज्ञ के पांचवें दिन विधान के अंतर्गत भगवान महावीर का भव्य अभिषेक एवं शांतिधारा संपन्न हुई। यह संपूर्ण आयोजन बाल ब्रह्मचारी पीयूष भैया (जबलपुर) के निर्देशन में श्रद्धा और विधि-विधान के साथ संपन्न हो रहा है।

पांचवें दिन विधान में कुल 128 अर्घ चढ़ाए गए, जो 128 कर्मों के दोषों से मुक्ति की भावना के प्रतीक माने जाते हैं। इस अवसर पर सामूहिक रूप से सभी इंद्र-इंद्राणियों ने अर्घ चढ़ाने का सौभाग्य प्राप्त किया। संगीतमय विधान में देश के सुप्रसिद्ध संगीतकार विमल जैन एंड पार्टी द्वारा मधुर संगीतमय पूजन कराया जा रहा है, जिनकी भावपूर्ण प्रस्तुति ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।

बाल ब्रह्मचारी पीयूष शास्त्री ने अपने प्रवचन में सिद्धचक्र विधान के आध्यात्मिक महत्व को स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि प्रभु को पाने के लिए अहंकार का त्याग आवश्यक है। निरंतर भक्ति करने से एक दिन प्रभु अवश्य मिलते हैं।

इस अवसर पर संयोजक अशोक कुमार जैन, अध्यक्ष राजेश बैनाड़ा, मंत्री विजय जैन निमोरब, कोषाध्यक्ष मगन कुमार, अरुण जैन, महेश चंद जैन, अनिल आदर्श जैन, सतेंद्र जैन, राकेश जैन, राम प्रकाश जैन, अतुल जैन, प्रमोद जैन, विवेक जैन, अंकित जैन, संजीव जैन, मीडिया प्रभारी राहुल जैन सहित सकल जैन समाज उपस्थित रहा। मीडिया प्रभारी राहुल जैन ने बताया कि 1 मार्च 2026 को प्रातः 8 बजे से बाल ब्रह्मचारी पीयूष भैया के सानिध्य में शांतिधारा एवं सिद्धचक्र महामंडल विधान पुनः संपन्न होगा।

छीपीटोला में तीर्थंकर माता–पिता की गोदभराई एवं सम्मान समारोह

छीपीटोला में हुए गोदभराई कार्यक्रम की एक झलक।

आगरा। निर्यापक मुनिश्री विलोक सागर महाराज एवं मुनि श्री विबोध सागर महाराज ससंघ के मंगल सानिध्य में छीपीटोला मंदिर कमेटी द्वारा गोदभराई एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। यह आयोजन आगामी अप्रैल माह में श्री सर्वतोभद्र जिनालय में होने वाले आदिनाथ पंचकल्याणक महोत्सव के अंतर्गत किया गया, जिसमें पारसमल जैन एवं स्नेहलता जैन को प्रथम तीर्थंकर भगवान आदिनाथ के माता–पिता बनने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।

शनिवार को श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर स्थित जैन भवन, छीपीटोला में आयोजित इस समारोह का शुभारंभ मंगलाचरण के साथ हुआ। उपस्थित श्रावक-श्राविकाओं ने मेवा, किशमिश, फल एवं अखरोट से तीर्थंकर माता की पारंपरिक गोदभराई की। इसके पश्चात तीर्थंकर पिता का तिलक कर माला एवं दुपट्टा पहनाकर सम्मान एवं अभिनंदन किया गया। महिलाओं द्वारा मंगल गीतों की प्रस्तुति और नृत्य ने वातावरण को भक्तिमय और उल्लासपूर्ण बना दिया।

कार्यक्रम का संचालन दीपक जैन ने किया। इस अवसर पर मनोज जैन बल्लो, मुन्ना लाल जैन, मुरलीलाल जैन, अभिषेक जैन, दीपक जैन (बोतल वाले), दयाचंद जैन, अलका जैन, हेमलता जैन, मीडिया प्रभारी शुभम जैन सहित बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाएं एवं समाजजन उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor