भारत की वर्ल्ड कप जीत पर आगरा में जश्न का सैलाब, आतिशबाजी से चमका आसमान — सड़कों पर उतरे हजारों क्रिकेट प्रेमी
भारत-न्यूजीलैंड टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल में भारत की जीत के बाद आगरा शहर जश्न में डूब गया। कमला नगर, खेरिया मोड़, ईदगाह और फतेहपुर सीकरी सहित कई इलाकों में लोगों ने तिरंगा लहराकर, ढोल-नगाड़ों पर नाचकर और आतिशबाजी कर जीत का उत्सव मनाया। बड़ी स्क्रीन पर सामूहिक रूप से मैच देखने की व्यवस्था की गई थी और देर रात तक शहर में जश्न का माहौल बना रहा।
खेरिया मोड़ सेल्फी प्वाइंट से कमला नगर और फतेहपुर सीकरी तक तिरंगा लहराकर मनाया गया जश्न, ढोल-नगाड़ों और देशभक्ति नारों से गूंजा शहर
आगरा। भारत-न्यूजीलैंड के बीच खेले गए टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल में भारत की ऐतिहासिक जीत के साथ ही आगरा शहर जश्न के रंग में डूब गया। जैसे ही भारत की जीत तय हुई, पूरे शहर में खुशी की लहर दौड़ गई। जगह-जगह पटाखे छोड़े गए, ढोल-नगाड़े बजे और “भारत माता की जय” तथा “वंदे मातरम्” के नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा।
शहर के कई इलाकों में लोग घरों से बाहर निकल आए और तिरंगा लहराते हुए एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी। युवाओं ने सड़कों पर नाचते-गाते हुए भारत की जीत का जश्न मनाया।
मंत्री योगेंद्र उपाध्याय के आवास के बाहर भी गूंजे जयकारे
ईदगाह स्थित कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय के आवास के बाहर बड़ी स्क्रीन पर मैच देखने की व्यवस्था की गई थी। जैसे ही भारत ने जीत दर्ज की, वहां मौजूद लोग खुशी से झूम उठे। लोगों ने “भारत माता की जय” के नारे लगाए और आतिशबाजी कर जीत का जश्न मनाया। शहर के अन्य कई स्थानों पर भी बड़ी स्क्रीन लगाकर लोगों ने सामूहिक रूप से फाइनल मैच देखा और जीत का जश्न मनाया।
अनुपम ओमेरियन सोसायटी में थिएटर स्क्रीन पर देखा मैच
कमला नगर स्थित अनुपम ओमेरियन सोसायटी में भी उत्साह देखते ही बन रहा था। सोसायटी परिसर में विशेष रूप से थिएटर साइज की एलईडी स्क्रीन लगाई गई थी, जहां सभी निवासी एक साथ बैठकर फाइनल मैच का आनंद ले रहे थे। सोसायटी के अध्यक्ष अमित अग्रवाल पारुल ने बताया कि अंतिम ओवर के साथ ही जैसे ही भारत की जीत पक्की हुई, पूरा परिसर देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। ढोल की थाप पर नाचे लोग, आतिशबाजी से रोशन हुआ आसमान
भारत की जीत के बाद बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर जमकर नृत्य किया। सोसायटी परिसर में भव्य आतिशबाजी की गई, जिससे आसमान रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठा। लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी और तिरंगा लहराकर देश के प्रति गर्व व्यक्त किया।
खेरिया मोड़ सेल्फी प्वाइंट पर उमड़ी क्रिकेट प्रेमियों की भीड़
भारत की जीत के बाद खेरिया मोड़ सेल्फी प्वाइंट पर भी क्रिकेट प्रेमियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। यहां बड़ी स्क्रीन पर मैच देखने पहुंचे युवाओं ने तिरंगा लहराकर जोरदार जश्न मनाया। जश्न के दौरान करीब आधे घंटे तक सड़क मार्ग पर जाम की स्थिति बन गई। कई युवाओं ने अपने वाहनों को रोककर बड़ी स्क्रीन पर मैच देखा और भारत की जीत का उत्सव मनाया।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी दिखा जीत का उत्साह
भारत की जीत का उत्साह सिर्फ शहर तक सीमित नहीं रहा। ग्रामीण क्षेत्रों में भी लोगों ने मोबाइल और टेलीविजन पर परिवार के साथ मैच देखा और जीत की खुशी मनाई। फतेहपुर सीकरी के ऐतिहासिक बुलंद दरवाजा और कस्बा बाजार सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में भी जमकर आतिशबाजी की गई और लोगों ने तिरंगा लहराकर भारत की जीत का जश्न मनाया।
तीसरी बार भारत ने जीता टी-20 वर्ल्ड कप
भारत ने इस शानदार प्रदर्शन के साथ टी-20 वर्ल्ड कप का तीसरी बार खिताब अपने नाम कर इतिहास रच दिया। इस जीत ने देशभर के साथ-साथ आगरा के लोगों के दिलों में भी गर्व और उत्साह की नई लहर भर दी। लोगों का कहना था कि यह ऐतिहासिक पल लंबे समय तक यादगार रहेगा।
बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर अनुज, विकल्प, मोहित गोयल, उमेश गोयल, मनीष अग्रवाल, शरद हसीजा, सिद्धार्थ मखीजा, रजत गुप्ता, विजित गुप्ता, शिल्पी गोयल, डॉली हसीजा, रानी गोयल, छवि अग्रवाल, कशिश मूर्जनी, अमन अग्रवाल, शुभम बंसल, पूजा अग्रवाल, विशाल मुल्तानी, राजीव गुप्ता, स्वाति विकल, हरीश मखीजा, पंकज बंसल, करुणा बंसल, मीना अग्रवाल, रिंकू अरोड़ा, सुभाष जैन, वैभव अग्रवाल, बिट्टू, आरती बिंदल, अनामिका अग्रवाल, शिल्पी गुप्ता, अंजना सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।