जनगणना 2027 आज से, अब घर बैठे खुद भर सकेंगे अपनी जानकारी, यूपी में स्व-गणना सुविधा शुरू
उत्तर प्रदेश में जनगणना 2027 के पहले चरण के तहत नागरिकों के लिए ऑनलाइन स्व-गणना सुविधा शुरू कर दी गई है। 21 मई 2026 तक लोग पोर्टल पर जाकर अपने परिवार और मकान से जुड़ी जानकारी स्वयं दर्ज कर सकेंगे। जानकारी सबमिट करने के बाद यूनिक SEID नंबर मिलेगा, जो भविष्य में सत्यापन के लिए जरूरी होगा। प्रशासन ने इसे डिजिटल इंडिया की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से भागीदारी की अपील की है।
21 मई तक ऑनलाइन उपलब्ध रहेगी ‘स्व-गणना’ सेवा, नागरिकों को मिलेगा यूनिक SEID नंबर
आगरा। उत्तर प्रदेश में जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत नागरिकों के लिए बड़ी डिजिटल सुविधा शुरू कर दी गई है। अब लोग घर बैठे स्वयं अपनी जनगणना संबंधी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। ‘मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना’ चरण के अंतर्गत यह स्व-गणना सुविधा आज से 21 मई 2026 तक उपलब्ध रहेगी। इस पहल का शुभारंभ कलक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी मनीष बंसल ने किया। इस दौरान नगर जनगणना अधिकारी एवं अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार भी मौजूद रहे।
नगर जनगणना अधिकारी शिशिर कुमार ने बताया कि स्व-गणना प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और डिजिटल बनाने के उद्देश्य से यह सुविधा शुरू की गई है। अब नागरिकों को गणनाकर्मी के आने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। वे स्वयं अपने परिवार और आवास से जुड़ी जानकारी ऑनलाइन पोर्टल se.census.gov.in पर दर्ज कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि पोर्टल पर सभी आवश्यक विवरण भरने और सबमिट करने के बाद प्रत्येक परिवार को एक यूनिक SEID (Self Enumeration ID) प्रदान की जाएगी। यह आईडी भविष्य में सत्यापन और अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण होगी, इसलिए इसे सुरक्षित रखना आवश्यक है।
डिजिटल इंडिया की दिशा में बड़ा कदम
जिलाधिकारी मनीष बंसल ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में स्व-गणना करने की अपील की। उन्होंने कहा कि समय रहते सही जानकारी दर्ज करने से जनगणना का कार्य अधिक सटीक और व्यवस्थित तरीके से पूरा किया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि यह पहल डिजिटल इंडिया अभियान को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे पारदर्शिता बढ़ेगी और आंकड़ों की शुद्धता सुनिश्चित होगी। प्रशासन ने सभी नागरिकों से निर्धारित अवधि के भीतर अपनी जानकारी ऑनलाइन भरने का आग्रह किया है, ताकि जनगणना 2027 का प्रथम चरण सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।