चैम्बर चुनाव: अध्यक्ष पद पर मनोज गुप्ता-मनोज बंसल आमने-सामने, उपाध्यक्ष के दो पदों के तीन दावेदार, कोषाध्यक्ष पद भी आमने-सामने का चुनाव, 14 में से 12 समूहों से निर्विरोध सदस्य चुने गये, सिर्फ दो समूहों में होगा मतदान
आगरा। नेशनल चैम्बर ऑफ इंडस्ट्री एंड कॉमर्स के चुनाव में नामांकन वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद तस्वीर लगभग साफ हो गई है। अध्य़क्ष पद के अलावा दो उपाध्यक्ष पदों और एक कोषाध्यक्ष पद पर चुनाव होने जा रहा है। सदस्य के 14 पदों में से 12 पर निर्विरोध चुनाव हो गया है जबकि दो समूहों में मतदान कराया जाएगा।
सोमवार को चैम्बर सभागार में आयोजित चुनाव समिति की बैठक में पूर्व अध्यक्ष एवं चुनाव समिति के चेयरमैन मनीष अग्रवाल ने बताया कि नामांकन वापसी की अंतिम तिथि पर प्रत्याशियों द्वारा दिए गए नामांकन वापसी के पत्रों को चुनाव समिति ने स्वीकार कर लिया है।
नामांकन वापसी के बाद अब अध्यक्ष पद पर मनोज बंसल और मनोज कुमार गुप्ता के बीच सीधा मुकाबला होगा। उन्होंने बताया कि उपाध्यक्ष पद के लिए अम्बा प्रसाद गर्ग, गिरीश चंद गोयल और नीतेश अग्रवाल के बीच मुकाबले की तस्वीर उभरी है जबकि कोषाध्यक्ष पद के लिए नीरज अग्रवाल के नामांकन वापस ले लिए जाने के बाद सतीश अग्रवाल और विनय मित्तल के बीच मुकाबला होना है।
पूर्व अध्यक्ष एवं चुनाव समिति के को-चेयरमैन श्रीकिशन गोयल ने बताया कि चैम्बर के कुल 14 समूहों में से नामांकन वापसी के बाद 12 समूहों में चुनाव नहीं होगा, जबकि समूह संख्या 3 और समूह संख्या 9 में चुनाव कराया जाएगा।
बैठक में पूर्व अध्यक्ष एवं चुनाव समिति के चेयरमैन मनीष अग्रवाल, को-चेयरमैन श्रीकिशन गोयल, पूर्व अध्यक्ष एवं सदस्य राजकुमार अग्रवाल, सीताराम अग्रवाल, योगेन्द्र कुमार सिंघल, महेन्द्र कुमार सिंघल, शलभ शर्मा तथा अध्यक्ष एवं पदेन सदस्य चुनाव समिति संजय गोयल उपस्थित रहे।