बल्केश्वर घाट पर बवाल, यमुना से भैंसें हटाने गई नगर निगम टीम पर पथराव, कर्मचारी गंभीर घायल
आगरा के बल्केश्वर घाट पर यमुना से भैंसें हटाने पहुंची नगर निगम टीम पर पथराव हुआ, जिसमें कर्मचारी बंटी गंभीर घायल हो गया। चार आरोपियों को नामजद करते हुए थाना कमलानगर में तहरीर दी गई है। पुलिस जांच में जुटी है और नगर निगम ने अभियान जारी रखने का ऐलान किया है।
आगरा। शहर में यमुना को प्रदूषणमुक्त बनाने के लिए चल रहे अभियान के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई जब बल्केश्वर घाट पर कार्रवाई करने पहुंची नगर निगम टीम पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। कहासुनी के बाद हालात इतने बिगड़ गए कि पथराव शुरू हो गया, जिसमें नगर निगम कर्मचारी बंटी गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, बल्केश्वर घाट पर यमुना किनारे अवैध रूप से भैंसें बांधकर नहलाने और गंदगी फैलाने की शिकायतें मिल रही थीं। इसी के चलते नगर निगम की टीम सफाई और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के लिए पहुंची थी। टीम द्वारा भैंसों को हटाने की कार्रवाई शुरू करते ही वहां मौजूद कुछ लोगों ने विरोध शुरू कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पहले तीखी बहस हुई, जिसके बाद अचानक पथराव शुरू हो गया। इस दौरान कर्मचारी बंटी के सिर में पत्थर लग गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। साथी कर्मचारियों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना के बाद नगर निगम कर्मचारियों में भारी रोष है। कर्मचारियों का कहना है कि वे यमुना को स्वच्छ और प्रदूषणमुक्त रखने के लिए अभियान चला रहे हैं, लेकिन असामाजिक तत्व बाधा डाल रहे हैं।
मामले में चार आरोपियों फरमान, पप्पू, गुलफाम और चुटिया को नामजद किया गया है। घटना की तहरीर थाना कमलानगर में दी गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यमुना को प्रदूषणमुक्त बनाने का अभियान जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई कराई जाएगी। घटना के बाद घाट क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि आगे कोई अप्रिय स्थिति न बने।