नॉर्थ ईदगाह कॉलोनी में गूंजे जयघोष: मुनिश्री विलोकसागर का मंगल प्रवेश, जैन समाज ने किया स्वागत
आगरा। प्रथम तीर्थंकर भगवान आदिनाथ के जन्मकल्याणक महोत्सव एवं विशाल रथयात्रा महामहोत्सव के उपलक्ष्य में निर्यापक मुनिश्री विलोकसागर महाराज एवं मुनिश्री विबोधसागर महाराज ससंघ का नॉर्थ ईदगाह कॉलोनी में मंगल प्रवेश हुआ। ढोल-नगाड़ों और जयघोष के बीच समग्र जैन समाज ने मुनिसंघ का पाद प्रक्षालन कर श्रद्धा और भक्ति के साथ भव्य स्वागत किया।
गुदड़ी मसूर खां से हुआ मंगल विहार
मुनिसंघ ने 10 मार्च को श्री शीतलनाथ दिगम्बर जैन मंदिर, गुदड़ी मसूर खां से मंगल विहार करते हुए नॉर्थ ईदगाह कॉलोनी की ओर प्रस्थान किया। रास्ते भर श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ मुनिसंघ का स्वागत किया। नॉर्थ ईदगाह कॉलोनी पहुंचने पर जैन समाज के लोगों ने पाद प्रक्षालन कर मुनिसंघ का अभिनंदन किया।
इसके पश्चात मुनिसंघ श्री आदिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर पहुंचे, जहां विराजमान अतिशयकारी भगवान आदिनाथ की प्रतिमा के दर्शन किए गए। मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने मुनिसंघ को श्रीफल भेंटकर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
धर्म, संयम और आस्था पर दी मंगलवाणी
इस अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं को निर्यापक मुनिश्री विलोकसागर महाराज की मंगलवाणी सुनने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। उन्होंने अपने प्रवचन में धर्म, संयम और आस्था के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आध्यात्मिक मार्ग ही जीवन को सार्थक बनाता है।
11 और 12 मार्च को होंगे प्रमुख आयोजन
महोत्सव के मुख्य संयोजक मनोज जैन बाकलीवाल ने बताया कि कार्यक्रम के अंतर्गत 11 मार्च को ध्वजारोहण और भगवान आदिनाथ विधान का आयोजन किया जाएगा। वहीं 12 मार्च को प्रातः 7 बजे भगवान आदिनाथ के जन्म कल्याणक और तप कल्याणक महोत्सव के पावन अवसर पर भव्य रथयात्रा एवं शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें समग्र जैन समाज के लोग बड़ी संख्या में शामिल होकर धर्मलाभ प्राप्त करेंगे।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से मनोज जैन बाकलीवाल, अशोक जैन, अजय जैन, संजीव जैन, राजेश जैन बल्ले, विनोद जैन, अखिल जैन, सत्येंद्र जैन सहित नॉर्थ ईदगाह कॉलोनी जैन समाज के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।