30 जून को एत्मादपुर में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर प्रतिमा स्थापना समारोह में शामिल होंगे मुख्यमंत्री योगी और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय मंत्री प्रो. बघेल की मेगा शो की तैयारी
आगरा। एत्मादपुर में आगामी 30 जून को लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा स्थापना समारोह ऐतिहासिक और भव्य स्वरूप में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने शामिल होने की सैद्धांतिक सहमति दे दी है। कार्यक्रम के संयोजक आगरा के सांसद तथा केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर उन्हें औपचारिक आमंत्रण पत्र सौंपा। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा भी भेंट की तथा आगरा के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की।
मेगा शो की तैयारियों में जुटे केंद्रीय मंत्री
केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल इस वर्ष एत्मादपुर में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर जयंती के उपलक्ष्य में प्रतिमा स्थापना समारोह को बड़े स्तर पर आयोजित करा रहे हैं। पिछले वर्ष की तरह इस बार भी विशाल जनसमूह जुटाने की तैयारी की जा रही है। कार्यक्रम को लेकर केंद्रीय मंत्री लगातार क्षेत्र के गांवों का दौरा कर जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं और तैयारियों की स्वयं निगरानी कर रहे हैं।
पिछले वर्ष बना था ऐतिहासिक रिकॉर्ड
उल्लेखनीय है कि गत वर्ष एक जून को आगरा के जीआईसी मैदान में आयोजित लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर जयंती समारोह में तत्कालीन उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिरकत की थी। उस कार्यक्रम में पाल, बघेल और धनगर समाज सहित करीब 50 हजार लोगों की उपस्थिति रही थी, जिसे सामाजिक आयोजनों में एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड माना गया था।
एक बार फिर सियासी ताकत का होगा प्रदर्शन
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि 30 जून को होने वाला प्रतिमा स्थापना समारोह केवल सांस्कृतिक और सामाजिक आयोजन ही नहीं, बल्कि केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल की क्षेत्रीय राजनीतिक ताकत और जनाधार का भी बड़ा प्रदर्शन होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की संभावित मौजूदगी से कार्यक्रम का राजनीतिक महत्व और बढ़ गया है।
विकास और सामाजिक एकता का रहेगा संदेश
आयोजकों का कहना है कि समारोह के माध्यम से लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के आदर्शों, सुशासन, समाजसेवा और राष्ट्र निर्माण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। साथ ही सामाजिक समरसता और विकास की भावना को भी मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।