आगरा में साढ़े चार घंटे रहेंगे मुख्यमंत्री योगी, आरएसएस बैठक में होंगे शामिल, संघ की अहम बैठक में होगी रणनीति पर चर्चा
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को आगरा के दौरे पर रहेंगे। वह सुबह 10:10 बजे खेरिया एयरपोर्ट पहुंचेंगे और फतेहाबाद रोड स्थित अमर कन्वेंशन सेंटर में आरएसएस की ब्रज प्रांत समन्वय बैठक में शामिल होंगे। इसके बाद यथार्थ सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में कार्यक्रम में भाग लेने के बाद केंद्रीय हिंदी संस्थान हेलीपैड से हेलीकॉप्टर द्वारा वृंदावन के लिए रवाना होंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर पुलिस प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा और व्यवस्थाएं की हैं।
आगरा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को आगरा के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह करीब साढ़े चार घंटे तक ताजनगरी में विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। मुख्यमंत्री का कार्यक्रम बेहद व्यस्त रहेगा, जिसमें आरएसएस की महत्वपूर्ण बैठक के साथ स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े कार्यक्रम भी शामिल हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 9:25 बजे चौधरी चरण सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट (अमौसी एयरपोर्ट, लखनऊ) से राजकीय विमान द्वारा रवाना होंगे और सुबह लगभग 10:10 बजे आगरा एयरपोर्ट (खेरिया एयरपोर्ट) पहुंचेंगे।
आगरा पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री सीधे फतेहाबाद रोड स्थित अमर कन्वेन्शन सेंटर जाएंगे। यहां वह सुबह 10:30 बजे से दोपहर 12:50 बजे तक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ब्रज प्रांत की समन्वय बैठक में शामिल होंगे। इस बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों को लेकर चर्चा होने की संभावना है।
बैठक के बाद मुख्यमंत्री दोपहर 1:10 बजे यथार्थ सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल पहुंचेंगे, जहां वह अस्पताल से जुड़े एक निर्धारित कार्यक्रम में भाग लेंगे। यहां उनका कार्यक्रम करीब 30 मिनट तक चलेगा।
इसके बाद मुख्यमंत्री 1:45 बजे केन्द्रीय हिन्दी संस्थान के हेलीपैड पर पहुंचेंगे। यहां से वह 1:50 बजे हेलीकॉप्टर के जरिए मथुरा के लिए रवाना हो जाएंगे, जहां उनके अगले कार्यक्रम प्रस्तावित हैं।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर आगरा में पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। शहर के प्रमुख मार्गों और कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती की गई है और ट्रैफिक व्यवस्था को भी दुरुस्त किया गया है, ताकि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।