बच्चों ने दिखाई प्रतिभा, दाल-बाटी के स्वाद के साथ टैक्सेशन बार के समारोह में छाया पारिवारिक उल्लास

आगरा। टैक्सेशन बार एसोसिएशन, आगरा के पारिवारिक दाल-बाटी एवं सांस्कृतिक प्रतिभा सम्मान समारोह में बच्चों ने फैंसी ड्रेस, गायन, नृत्य और चित्रकला के जरिए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बंबू फार्म रिजॉर्ट, फतेहाबाद रोड पर आयोजित समारोह में महिलाओं और बच्चों समेत एसोसिएशन के सदस्यों ने सपरिवार भाग लिया। प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया, जबकि सदस्यों के लिए तम्बोला और ‘तोल मोल के बोल’ सहित विभिन्न मनोरंजक गतिविधियां आकर्षण का केंद्र रहीं।

Sep 6, 2026 - 19:54
 0
बच्चों ने दिखाई प्रतिभा, दाल-बाटी के स्वाद के साथ टैक्सेशन बार के समारोह में छाया पारिवारिक उल्लास
टैक्सेशन बार एसोसिएशन के रविवार को आयोजित पारिवारिक समारोह में चित्र बनाते बच्चे।

समारोह में मंचस्थ अध्य़क्ष राज किशोर खंडेलवाल, महासचिव अखिलेश भटनागर और अन्य पदाधिकारी।

दीप प्रज्ज्वलन से हुआ समारोह का शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ एसोसिएशन के अध्यक्ष राज किशोर ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया। महासचिव अखिलेश भटनागर ने कार्यक्रम का संचालन किया। कल्चरल कमेटी के संयोजक विशाल बिंदल और उनकी टीम के प्रयासों से सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला प्रस्तुत की गई।

फैंसी ड्रेस में दिखी देशभक्ति और कृष्ण भक्ति

दो से आठ वर्ष तक के बच्चों के लिए आयोजित फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में स्वतंत्रता सेनानियों, भगवान श्रीकृष्ण और राधारानी की वेशभूषा में बच्चों ने मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की प्रस्तुतियों ने समारोह में मौजूद अभिभावकों और सदस्यों का खूब ध्यान आकर्षित किया।

गायन और नृत्य में बच्चों ने बिखेरा हुनर

नौ से 16 वर्ष तक के बच्चों के लिए एकल और समूह गायन प्रतियोगिता आयोजित हुई। शास्त्रीय और अर्ध-शास्त्रीय गायन में बच्चों ने अपनी सुर-साधना का प्रदर्शन किया। इसी आयु वर्ग में लोक और शास्त्रीय नृत्य की एकल एवं समूह प्रस्तुतियों ने भी खूब तालियां बटोरीं।

कागज पर उतरी बच्चों की कल्पना

चित्रकला प्रतियोगिता में सभी आयु वर्ग के बच्चों ने उत्साह से भाग लिया। बच्चों ने अपनी कल्पनाशीलता को रंगों के माध्यम से कागज पर उकेरा। प्रतियोगिताओं के बाद विजेता बच्चों को एसोसिएशन की ओर से पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

महिलाओं के ‘तोल मोल के बोल’ ने बांधा समां

अभिभावकों और एसोसिएशन के सदस्यों के लिए तम्बोला का आयोजन किया गया। महिलाओं के लिए विशेष खेल ‘तोल मोल के बोल’ आयोजित किया गया, जो कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहा। इसके अलावा उपस्थित सदस्यों के लिए सरप्राइज गिफ्ट और समय पर पहुंचने वालों के लिए ‘समय निष्ठा पुरस्कार’ भी दिए गए।

राजस्थानी व्यंजनों का लिया स्वाद

सांस्कृतिक और मनोरंजक गतिविधियों के बाद सदस्यों और उनके परिवारों ने पारंपरिक राजस्थानी दाल-बाटी, चूरमा सहित विभिन्न व्यंजनों का आनंद लिया। पूरे कार्यक्रम में पारिवारिक मेल-जोल और उत्साह का माहौल बना रहा।

आयोजकों और सदस्यों का जताया आभार

समापन पर उपाध्यक्ष अनुराग गुप्ता ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए महासचिव अखिलेश भटनागर, कल्चरल कमेटी के संयोजक विशाल बिंदल और उनकी पूरी टीम के साथ उपस्थित सदस्यों एवं उनके परिवारजनों का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर अनिल वर्मा, राम मोहन सिंह कोटिया, विशाल बिंदल, अब्दुल अख्तर खान, अनुराग गुप्ता, परमेंद्र पाल सिंह, संचिता अग्रवाल, अभिनव बंसल, राकेश सारस्वत, आरपी दीक्षित, मोहित अग्रवाल, सुनील आनंद, सोमेंद्र जैन, रोहित अग्रवाल, वैभव जैन, राकेश बाबू गर्ग, अनिल आदर्श जैन, मोनिल अग्रवाल, आरएम सिंघल, राकेश वर्मा, बरखा यादव, सोनल, दीपिका, नीरज कोटिया, अनुराग भटनागर, मुकेश खंडेलवाल, संजीव यादव, मनोज शर्मा, भगवान दास, संजीव वशिष्ठ, तारा चंद, राकेश गुप्ता, उमेश गुप्ता, गौरव शर्मा, मुईन कुरैशी, सुमित बंसल, गौरव बिंदल, राधा बल्लभ गोयल, अमित जैन, सौरभ गौतम, सौरभ खंडेलवाल, फैसल बेग, आयुष गोयल, नरेंद्र पाल, संजीव वर्मा, शशिकांत गुप्ता, विकास जैन, संकेत गौड़, राहुल राठौर, दीपक गुप्ता और देवेश सिंह आदि मौजूद रहे। एसोसिएशन के अनेक वरिष्ठ एवं कनिष्ठ सदस्य भी सपरिवार उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor