महिला दिवस पर मथुरा पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ: छात्राओं से संवाद कर दिया नारी सशक्तिकरण का संदेश, चॉकलेट देकर बढ़ाया उत्साह, पर्यटन थाने का उद्घाटन भी किया

मथुरा। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वृंदावन स्थित गीता शोध संस्थान एवं रासलीला अकादमी परिसर में पुलिस मॉडर्न स्कूल की छात्राओं से मुलाकात कर उन्हें शिक्षा, अधिकार और आत्मनिर्भरता का संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने छात्राओं से संवाद करते हुए नारी सशक्तिकरण के महत्व पर चर्चा की और उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए शिक्षा को सबसे बड़ा साधन बताया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पर्यटन थाने का उद्घाटन भी किया। वहीं मथुरा आगमन पर हेलीपैड पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया।

Mar 7, 2026 - 20:33
 0
महिला दिवस पर मथुरा पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ: छात्राओं से संवाद कर दिया नारी सशक्तिकरण का संदेश, चॉकलेट देकर बढ़ाया उत्साह, पर्यटन थाने का उद्घाटन भी किया
शनिवार को मथुरा में छात्राओं से मुलाकात करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।

मथुरा में पर्यटन थाने का उद्घाटन करते सीएम योगी आदित्यनाथ।

छात्राओं से संवाद कर दिया शिक्षा और अधिकारों का संदेश

वृंदावन के गीता शोध संस्थान एवं रासलीला अकादमी परिसर में स्थित यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के क्षेत्रीय कार्यालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस मॉडर्न स्कूल की छात्राओं से मुलाकात की।
मुख्यमंत्री ने छात्राओं से बातचीत करते हुए पूछा कि वे जीवन में क्या बनना चाहती हैं और किस क्षेत्र में आगे बढ़ने का लक्ष्य रखती हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह शक्ति है जो जीवन को नई दिशा देती है और आत्मनिर्भर बनने का सबसे मजबूत माध्यम भी है।

हर क्षेत्र में महिलाएं बना रहीं नई पहचान

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज देश और प्रदेश में महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। विज्ञान, शिक्षा, प्रशासन, खेल और सेना जैसे क्षेत्रों में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। उन्होंने छात्राओं से कहा कि अधिकारों के प्रति जागरूक रहना और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ना ही सच्चे अर्थों में नारी सशक्तिकरण है।

चॉकलेट देकर बढ़ाया छात्राओं का उत्साह

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने छात्राओं से उनकी पढ़ाई, भविष्य की योजनाओं और जीवन के लक्ष्यों के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने छात्राओं को मेहनत और लगन के साथ पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने छात्राओं को चॉकलेट देकर उनका उत्साहवर्धन किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद छात्राएं भी काफी उत्साहित दिखाई दीं और उन्होंने इसे अपने जीवन का यादगार क्षण बताया।

मथुरा आगमन पर हेलीपैड पर हुआ स्वागत

इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मथुरा आगमन पर भारतीय जनता पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हेलीपैड पर उनका भव्य स्वागत किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष निर्भय पांडे के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया।

इस अवसर पर पूर्व विधायक कुशल पाल सिंह, निरंजन सिंह धनगर, ठाकुर चन्दन सिंह, जिला मीडिया प्रभारी श्याम चतुर्वेदी, एस.एफ. अल्वी, सतीश वाल्मीकि सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor