आगरा में अधिकारियों की ‘क्लास’ लेंगे सीएम योगी, विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की करेंगे समीक्षा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 23 जून को करीब साढ़े तीन घंटे के लिए आगरा आएंगे।, आगरा मंडल के विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा करेंगे। पीडब्ल्यूडी की पुरानी और नई परियोजनाओं पर विशेष फोकस रहेगा। प्रशासन, पुलिस और विभागीय अधिकारी तैयारियों में जुटे हैं। विभागों से प्रगति रिपोर्ट और नए प्रोजेक्ट प्रस्ताव तैयार कराए जा रहे हैं।
कल तीन घंटे के दौरे पर आगरा आ रहे हैं मुख्यमंत्री योगी, सीएम के दौरे से पहले प्रशासन अलर्ट, विकास योजनाओं और कानून व्यवस्था की रिपोर्ट तैयार करने में जुटा
आगरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 23 जून (कल) को आगरा दौरे पर आ रहे हैं। उनका यह दौरा प्रशासनिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि वे आगरा मंडल के विकास कार्यों, कानून व्यवस्था और विभिन्न विभागों की प्रगति की गहन समीक्षा करेंगे। मुख्यमंत्री का विशेष फोकस लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की परियोजनाओं पर रहेगा, जहां पुराने कार्यों की प्रगति का मूल्यांकन करने के साथ-साथ नए प्रस्तावित कार्यों की कार्ययोजना पर भी विस्तार से चर्चा होगी।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन, पुलिस और विभिन्न विभागों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंडलायुक्त कार्यालय से लेकर खेरिया हवाई अड्डे तक सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं की व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। अधिकारियों को अपने-अपने विभागों की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही आगामी विकास परियोजनाओं के प्रस्ताव और ड्राफ्ट भी अंतिम रूप दिए जा रहे हैं, जिन्हें समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत किया जा सकता है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सबसे पहले हाथरस जिले के सलेमपुर स्थित औद्योगिक क्षेत्र में आयोजित एक सम्मेलन में शामिल होंगे। इसके बाद वे दोपहर 12:15 बजे राजकीय हेलीकॉप्टर से आगरा के खेरिया हवाई अड्डे पहुंचेंगे। यहां से सीधे मंडलायुक्त कार्यालय रवाना होंगे।दोपहर 12:30 बजे से 2:00 बजे तक मुख्यमंत्री आगरा मंडल में चल रही लोक निर्माण विभाग की परियोजनाओं की समीक्षा करेंगे। इस दौरान सड़क निर्माण, पुल, संपर्क मार्गों तथा अन्य अधोसंरचनात्मक परियोजनाओं की प्रगति का ब्यौरा लिया जाएगा। साथ ही आगामी परियोजनाओं की कार्ययोजना पर भी अधिकारियों से चर्चा होगी।
दोपहर 2:00 बजे से 2:30 बजे तक का समय आरक्षित रखा गया है। इसके बाद दोपहर 2:30 बजे से 3:30 बजे तक मुख्यमंत्री जिले के विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक करेंगे। बैठक में अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा, राजस्व कार्य, जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन तथा विभागीय उपलब्धियों पर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है।
मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए प्रशासनिक अमला पूरी तरह सक्रिय है। अधिकारियों के बीच समीक्षा बैठक को लेकर विशेष सतर्कता देखी जा रही है। विभागीय प्रस्तुतियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है ताकि मुख्यमंत्री के समक्ष विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति और भविष्य की योजनाओं का प्रभावी प्रस्तुतीकरण किया जा सके। समीक्षा बैठक के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोपहर 3:30 बजे मंडलायुक्त सभागार से खेरिया हवाई अड्डे के लिए प्रस्थान करेंगे और वहां से आगे के कार्यक्रम के लिए रवाना होंगे।