कल तीन घंटे आगरा में रहेंगे सीएम योगी, अफसरों की बढ़ी धड़कनें, विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की करेंगे समीक्षा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को करीब तीन घंटे के आगरा दौरे पर रहेंगे। हाथरस कार्यक्रम से लौटने के बाद वह आगरा मंडल आयुक्त सभागार में लोक निर्माण विभाग (PWD) की परियोजनाओं, जनपदीय विकास कार्यों और कानून-व्यवस्था की समीक्षा करेंगे। इससे पहले लखनऊ अग्निकांड के कारण उनका प्रस्तावित आगरा दौरा स्थगित हो गया था। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासनिक अमला तैयारियों में जुट गया है।

Jun 27, 2026 - 19:59
 0
कल तीन घंटे आगरा में रहेंगे सीएम योगी, अफसरों की बढ़ी धड़कनें, विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की करेंगे समीक्षा

आगरा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को आगरा दौरे पर आ रहे हैं। मुख्यमंत्री का यह दौरा प्रशासनिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि वह करीब तीन घंटे तक आगरा में रहकर लोक निर्माण विभाग (PWD) के कार्यों, जनपदीय विकास योजनाओं और कानून-व्यवस्था की गहन समीक्षा करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन की सूचना मिलते ही प्रशासनिक और पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है। अधिकारी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुट गए हैं।

मुख्यमंत्री का यह दौरा पहले भी प्रस्तावित था, लेकिन लखनऊ में हुए अग्निकांड के कारण उनका कार्यक्रम अचानक बदल गया था। उस समय वह अलीगढ़ से सीधे लखनऊ रवाना हो गए थे और आगरा का दौरा स्थगित कर दिया गया था। अब संशोधित कार्यक्रम के तहत वह रविवार को आगरा पहुंचेंगे।

मुख्यमंत्री का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम

10:20 बजे: अमौसी एयरपोर्ट, लखनऊ से राजकीय विमान द्वारा आगरा के लिए प्रस्थान।
11:00 बजे: खेरिया सिविल एयरपोर्ट, आगरा पर आगमन।
11:05 बजे: हेलीकॉप्टर से सलेमपुर इंडस्ट्रियल एरिया, हाथरस के लिए रवाना।
12:55 बजे: हाथरस से हेलीकॉप्टर द्वारा खेरिया सिविल एयरपोर्ट, आगरा वापसी।
01:00 बजे: आयुक्त सभागार पहुंचकर लोक निर्माण विभाग (PWD) के पुराने कार्यों की समीक्षा तथा नई परियोजनाओं पर बैठक।
02:15 से 02:45 बजे: समय आरक्षित।
02:45 से 03:45 बजे: जनपदीय विकास कार्यों एवं कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक।
03:45 बजे: आयुक्त सभागार से खेरिया सिविल एयरपोर्ट के लिए प्रस्थान।
03:55 बजे: खेरिया सिविल एयरपोर्ट पहुंचना।
04:00 बजे: राजकीय विमान से लखनऊ के लिए प्रस्थान।

अधिकारियों की बढ़ी जिम्मेदारी

मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठकों को लेकर मंडल और जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। विभिन्न विभागों से विकास योजनाओं की अद्यतन रिपोर्ट मांगी गई है। खासकर लोक निर्माण विभाग की लंबित परियोजनाओं, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, समयबद्धता और नई योजनाओं की प्रगति पर मुख्यमंत्री की विशेष नजर रहेगी।

इसके अलावा जिले में चल रही विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों और कानून-व्यवस्था की स्थिति की भी विस्तृत समीक्षा होगी। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री अधिकारियों से योजनाओं की जमीनी प्रगति, शिकायतों के निस्तारण और अपराध नियंत्रण को लेकर सीधे जवाब-तलब कर सकते हैं। ऐसे में सभी विभाग अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।

मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है। पुलिस, प्रशासन और अन्य संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं ताकि कार्यक्रम बिना किसी व्यवधान के संपन्न हो सके।