फीरोजाबाद व अलीगढ़ को 1000 करोड़ की सौगात देकर गरजे सीएम योगी, अब यूपी में दंगे नहीं, उत्सव होते हैं, आगरा दौरा टला
फिरोजाबाद के उसायनी में सीएम योगी ने 658 करोड़ रुपये की 81 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के 568 लाभार्थियों को आवास की चाबियां वितरित कीं। विपक्षी दलों पर हमला बोलते हुए कहा कि अब उत्तर प्रदेश दंगा, कर्फ्यू और माफिया संस्कृति से मुक्त है। प्रदेश में मुफ्त राशन, आयुष्मान, आवास, उज्ज्वला और किसान योजनाओं की उपलब्धियां गिनाईं। लखनऊ अग्निकांड के चलते अलीगढ़ से सीधे लखनऊ रवाना हुए, मंगलवार का आगरा और हाथरस दौरा स्थगित कर दिया गया।
आगरा/टूंडला। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को जनपद फिरोजाबाद के उसायनी में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में 658 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 81 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास करते हुए प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को जनता के सामने रखा और विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। सीएम योगी ने अलीगढ़ में भी 400 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। वह वहीं से लखनऊ अग्निकांड के चलते सीधे लखनऊ रवाना हो गए, हालांकि उनको आज रात अलीगढ़ में ही रुकना था।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का सोमवार रात्रि अलीगढ़ में रात्रि विश्राम प्रस्तावित था, जिसके बाद मंगलवार को उन्हें हाथरस और आगरा में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होना था। हालांकि लखनऊ में हुए अग्निकांड की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री अलीगढ़ से सीधे लखनऊ रवाना हो गए। इसके चलते उनका मंगलवार का हाथरस और आगरा दौरा फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री के नए कार्यक्रम की तिथि बाद में जारी की जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत 568 लाभार्थियों को उनके नए आवासों की चाबी सौंपी। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। प्रदेश में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने और जनहितकारी योजनाओं को गति देने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और बहुजन समाज पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पहले प्रदेश में बिजली की स्थिति बेहद खराब थी। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा, कांग्रेस और बसपा के लोग अंधेरे में रहने के आदी थे और अंधेरे में ही उनकी राजनीति फलती-फूलती थी, इसलिए वे प्रदेश में पर्याप्त बिजली आपूर्ति नहीं चाहते थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार विकास और सुशासन के मॉडल पर कार्य कर रही है। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके एजेंडे में विकास नहीं, बल्कि समाज को बांटना, सामाजिक एकता को कमजोर करना और गुंडागर्दी को बढ़ावा देना शामिल रहा है। उन्होंने कहा कि जहां आज प्रदेश में “वन डिस्ट्रिक्ट, वन मेडिकल कॉलेज” और “वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट” जैसी योजनाएं चल रही हैं, वहीं पहले “वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया” जैसी स्थिति थी।
योगी आदित्यनाथ ने दावा किया कि आज उत्तर प्रदेश माफिया, गुंडागर्दी और दंगों से मुक्त हो चुका है। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में न कर्फ्यू लगता है और न ही दंगे होते हैं। “अब यूपी में सब चंगा है और जब सब चंगा होता है तो उपद्रव नहीं, उत्सव होते हैं,” मुख्यमंत्री ने कहा।
उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारों के समय रामनवमी, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी और कांवड़ यात्रा जैसे धार्मिक आयोजनों पर प्रतिबंध लगाए जाते थे, जबकि गरीबों को राशन, आवास, शौचालय, आयुष्मान योजना और गैस कनेक्शन जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित रखा जाता था।
सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के 15 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अलावा 10 करोड़ लोगों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि अब तक 65 लाख परिवारों को आवास, लगभग दो करोड़ परिवारों को उज्ज्वला गैस कनेक्शन और डेढ़ करोड़ परिवारों को निःशुल्क बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराए जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने किसानों के हित में उठाए गए कदमों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि प्रदेश के 16 लाख किसानों के निजी नलकूपों के बिजली बिल माफ किए गए हैं। साथ ही किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत हाल ही में 4,300 करोड़ रुपये सीधे किसानों के खातों में हस्तांतरित किए गए हैं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री का विभिन्न जनप्रतिनिधियों ने अभिनंदन भी किया। पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने उन्हें फिरोजाबाद के प्रसिद्ध कांच से निर्मित ‘राम दरबार’ भेंट किया। वहीं सहकारी बैंक के अध्यक्ष अतुल प्रताप सिंह ने ‘गदा’ और स्थानीय विधायक मनीष असीजा, टूंडला विधायक प्रेमपाल सिंह धनगर तथा जिला पंचायत अध्यक्ष हर्षित सिंह ने संयुक्त रूप से ‘त्रिशूल’ भेंट कर उनका स्वागत किया।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, जनप्रतिनिधि, ब्लॉक प्रमुख, प्रशासनिक अधिकारी, बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक तथा विभिन्न योजनाओं के लाभार्थी मौजूद रहे।