फागुन में भक्ति का रंग और आस्था का सैलाब: ताजगंज में शोभायात्रा, श्याम दरबार और महालक्ष्मी मंदिर में गुलाल की होली संग गूंजे जयकारे
आगरा। फाल्गुन मास के पावन अवसर पर ताजनगरी पूरी तरह भक्ति, उल्लास और रंगों में डूबी हुई है। शुक्रवार को खाटू श्याम बाबा की भव्य शोभायात्रा से लेकर श्याम दरबार में गुलाल की होली और बल्केश्वर स्थित श्री महालक्ष्मी मंदिर में फूलों व गुलाल की होली तक, हर ओर आस्था का महाकुंभ उमड़ पड़ा। शंखनाद, भजन-कीर्तन, अबीर-गुलाल और जयकारों के बीच श्रद्धालुओं ने फागुन उत्सव को आध्यात्मिक आनंद के साथ मनाया।
खाटू श्याम बाबा की शोभायात्रा में उमड़ा आस्था का महाकुंभ
कटरा जोगीदास, ताजगंज स्थित श्री दाऊजी महाराज खाटू श्याम मंदिर ट्रस्ट की ओर से फाल्गुन महोत्सव के अंतर्गत भव्य शोभायात्रा निकाली गई। ढोल-ताशों और बैंड-बाजों की धुन पर झूमते श्यामप्रेमी हाथों में लगभग 1500 निशान लेकर चले। शंखनाद के बीच महंत पिंटू मिश्रा द्वारा खाटू श्याम जी की आरती की गई।
बेंगलुरु और दिल्ली के श्रृंगार व सतरंगी फूलों से सजे बाबा के डोले के साथ गणेश जी की सवारी, शिव तांडव, रामदरबार, काली का अखाड़ा और जगन्नाथ जी की झांकी आकर्षण का केंद्र रहीं। यात्रा गोवर चौकी से शुरू होकर पुरानी मंडी, नंदा बाजार, कसरेट बाजार, हनुमान चौक होते हुए मंदिर पहुंची। 18 स्थानों पर व्यावसायिक कमेटियों ने पुष्प वर्षा और आरती से स्वागत किया। अध्यक्ष राजू गोयल और संयोजक बबलू राठौर ने बताया कि फागुन मेले के अंतर्गत आगामी दिनों में मेवे, चंदन, इत्र, फूल और गुलाल की होली का आयोजन होगा।
श्याम दरबार में रंग भरनी एकादशी पर बरसा गुलाल

जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर में रंगभरनी एकादशी पर गुलाल की होली के उल्लास में डूबे भक्त।
जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर में रंग भरनी एकादशी पर गुलाल की होली के साथ पंचम दिवस श्रद्धा से मनाया गया। कितना प्यारा है दरबार...जैसे भजनों पर संकीर्तन में श्रद्धालु भावविभोर होकर झूम उठे। गुलाल की बौछारों के बीच श्याम बाबा के साथ होली खेली गई। मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष दिनेश चंद्र अग्रवाल ने इसे भक्तों के लिए सौभाग्य का अवसर बताया। इस अवसर पर बाबा का भव्य श्रृंगार किया गया। श्रृंगार सेवा, फूल बंगला सेवा, पोशाक सेवा, छप्पन भोग सेवा और गुलाल होली सेवा भी भक्तजनों द्वारा संपन्न की गई।
महालक्ष्मी मंदिर बल्केश्वर में बरसाना सा नज़ारा

रंगभरनी एकादशी पर बल्केश्वर स्थित महालक्ष्मी मंदिर में होली गायन करते श्रद्धालुजन।
रंगभरनी एकादशी पर श्री महालक्ष्मी मंदिर बल्केश्वर का प्रांगण बरसाना की छवि प्रस्तुत करता नजर आया। प्रातः आरती के बाद भक्तों पर प्रसाद स्वरूप गुलाल की वर्षा की गई और फूलों व गुलाल की होली खेली गई। जय मां लक्ष्मी के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा। मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष राममोहन कपूर, सतीश कपूर एवं कपिल कपूर ने मां महालक्ष्मी की महा आरती की। पूजन पंडित रमाकांत द्वारा विधिविधान से संपन्न कराया गया। कार्यक्रम की व्यवस्थाएं संजय अग्रवाल, मनोज जैन, अशोक सिंघल, मनीष गोयल सहित भक्त मंडल के सदस्यों ने संभालीं।