रंग, श्रद्धा और संकीर्तन की गूंज: आगरा में होली मिलन से गौर पूर्णिमा तक भक्ति का विराट उत्सव

आगरा। फाग पूर्णिमा, चैतन्य महाप्रभु प्राकट्योत्सव, होली मिलन समारोह और चंद्र ग्रहण के अवसर पर शहर के विभिन्न मंदिरों और सामाजिक संगठनों में भक्ति, उल्लास और आध्यात्मिक साधना का अद्भुत संगम देखने को मिला। कहीं पंचगव्य से अभिषेक हुआ तो कहीं फूलों की होली खेली गई, कहीं होलिका दहन के साथ पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया गया तो कहीं नवग्रह शांति हवन कर विश्व कल्याण की कामना की गई। पूरा शहर रंग, श्रद्धा और संकीर्तन की दिव्य ध्वनि से सराबोर नजर आया।

Mar 3, 2026 - 22:09
Mar 3, 2026 - 22:13
 0
रंग, श्रद्धा और संकीर्तन की गूंज: आगरा में होली मिलन से गौर पूर्णिमा तक भक्ति का विराट उत्सव
आगरा के श्रीजगन्नाथ मंदिर (इस्कॊन) में फाग पूर्णिमा एवं चैतन्य महाप्रभु के प्राकट्योत्सव पर आयोजित गौर पूर्णिमा महामहोत्सव में जुटे श्रद्धालु।

श्रीजगन्नाथ मंदिर (इस्कॉन) में गौर पूर्णिमा महामहोत्सव

गौर पूर्णिमा महोत्सव पर इस्कॊन में पूजा अर्चना करते इस्कॊन आगरा के अध्यक्ष अरविंद महाप्रभु एवं अन्य।

कमला नगर स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर में फाग पूर्णिमा एवं चैतन्य महाप्रभु के प्राकट्योत्सव पर गौर पूर्णिमा महामहोत्सव धूमधाम से मनाया गया। चंद्र ग्रहण के कारण प्रातःकाल से मंदिर के पट बंद रहे। संध्या में ग्रहण समाप्ति के उपरांत मंदिर की धुलाई और शुद्धिकरण के बाद वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच पंचामृत एवं पंचगव्य से चैतन्य महाप्रभु का अभिषेक किया गया।

मंदिर परिसर को पुष्पों से सुसज्जित किया गया। भगवान जगन्नाथ, बहन सुभद्रा और भाई बलराम को सतरंगी राजस्थानी गोटा-पत्ती की पोशाक पहनाई गई। ‘हरे राम हरे कृष्णा’ के संकीर्तन पर भक्तजन भाव-विभोर होकर झूम उठे।

इस्कॉन मंदिर के अध्यक्ष अरविन्द प्रभु ने बताया कि चंद्र ग्रहण के कारण जन्मोत्सव कथा का आयोजन नहीं हो सका, बुधवार को शाम 5 से 7 बजे कथा एवं पुष्प अभिषेक होगा। जगन्नाथ मिश्र उत्सव के अंतर्गत फूल बंगला, कीर्तन एवं कथा का आयोजन किया जाएगा।

इस अवसर पर नितेश अग्रवाल, शैलेन्द्र अग्रवाल, सुनील मनचंदा, सुशील अग्रवाल, नवीन सिंघल, शैलेश बंसल, ओमप्रकाश अग्रवाल, संजय कुकरैजा, राजीव मल्होत्रा, संजीव मित्तल, संजीव बंसल, राजेश उपाध्याय, अदिति गौरांगी सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।

आठवें दिन रंगों की बौछार के संग फाल्गुन महोत्सव का भव्य समापन

कटरा जोगीदास स्थित श्री दाऊजी महाराज खाटू श्याम जी मंदिर में फाल्गुन मेला महोत्सव के समापन पर मंगलवार को गुलाल की होली खेलते भक्तजन।

कटरा जोगीदास स्थित श्री दाऊजी महाराज खाटू श्याम जी मंदिर में चल रहे आठ दिवसीय फाल्गुन मेला महोत्सव का समापन गुलाल की होली के साथ हुआ। श्याम बाबा के संग होली खेलने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। जगमग रोशनी से सजे मंदिर परिसर में खाटू नरेश की मनोहारी छवि के दर्शन हेतु सैकड़ों भक्त पहुंचे।

मंदिर अध्यक्ष राजू गोयल ने बताया कि विशेष अवसर पर मंदिर को सुगंधित फूल बंगले से सजाया गया। आरती के उपरांत भक्तों ने श्याम बाबा को गुलाल अर्पित किया और रंगबिरंगे गुलाल से होली खेली। मंदिर परिसर में गुलाल की वर्षा से पूरा वातावरण भक्तिरस में डूब गया।

महिलाओं ने “जुल्म कर डारो सितम कर डारो…” जैसे भक्तिमय भजनों पर नृत्य कर आनंद की अनुभूति की। आठ दिवसीय महोत्सव का समापन भक्तों के माथे पर चंदन और गुलाल लगाकर किया गया।

इस अवसर पर सचिव मयंक अग्रवाल सहित राजेश गुप्ता, परिवेश अग्रवाल, प्रदीप राठौर, अतुल गुप्ता, संजीव पोरवाल, रुचिका गोयल, संध्या अग्रवाल, शशि खंडेलवाल, मधु जिंदल, कुसमा शर्मा, उर्मिला अग्रवाल, सीमा मिश्रा, शालनी अग्रवाल, नम्रता, कामली आदि श्रद्धालु उपस्थित रहे।

खत्री सभा आगरा का फूलों की होली संग भव्य होली मिलन

खत्री सभा, आगरा द्वारा होली मिलन कार्यक्रम होली लाइट पब्लिक स्कूल, साकेत कॉलोनी में आयोजित किया गया। राधा-कृष्ण स्वरूपों के साथ फूलों की होली खेलकर त्यौहार को पारंपरिक एवं भक्तिमय अंदाज में मनाया गया।

कार्यक्रम में अध्यक्ष अमित खत्री, कार्यकारी अध्यक्ष विकास मेहरा, सचिव आर. के. टंडन, कोषाध्यक्ष पायल अरोरा, विकास कक्कड़, संजय टंडन, रवि नारंग, पूजा सेठ, बंटी ग्रोवर, अजय कपूर, सिद्धि कपूर, संतोष कपूर, निधि अरोरा, नेहा सहगल, एडवोकेट प्रताप स्वामी मेहरा, डॉ. पंकज महेंद्रू, नितिन कोहली, संजय कपूर सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

डिफेंस कॉलोनी यूथ वेलफेयर सोसायटी का होलिका दहन एवं रंगोत्सव

डिफेंस कॉलोनी यूथ वेलफेयर सोसायटी ने प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी श्रद्धा और उल्लास के साथ होलिका दहन एवं भव्य होली मिलन समारोह आयोजित किया। अध्यक्ष राजीव सोई एवं क्षेत्रीय पार्षद डॉ. लाल सिंह कुशवाहा ने विधिवत होलिका दहन कर समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।

फूलों की होली, भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को उत्सवमय बना दिया। सोसायटी ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए उपस्थित लोगों को मौसमी फल एवं पौधे वितरित किए।

कार्यक्रम में उपाध्यक्ष ज्ञानेन्द्र यादव, ऋषि पाल सिंह कसाना, गगन मित्तल, दीपक शर्मा (दीपू भाई), हरि मोहन, राजू चौहान, सोनू चौहान, सनी उपाध्याय, देवेश यादव, हरे मोहन सिंह, हरपाल यादव, गौरव यादव, कमल चाहार, प्रदीप दुबे, गोपाल शुक्ला, महेश वर्मा, शिव सिंह परिहार, बब्लू पचौरी, बिपन यादव, देविंदर शर्मा, महेश चौधरी, अजय त्यागी, बंटी चौधरी, योगेश परमार, रजत खंडेलवाल आदि मौजूद रहे। संचालन सचिव बंटी यादव, राजू चौहान एवं अजय सिंह राजपूत ने किया।

जंगल वाले बाबा श्री हनुमान मंदिर में भक्ति और रंगों का संगम

माल रोड स्थित प्राचीन दक्षिणमुखी जंगल वाले बाबा श्री हनुमान मंदिर में होली पर्व पर भव्य एवं आध्यात्मिक होली मिलन समारोह का आयोजन महंत योगेश भारद्वाज के सानिध्य में संपन्न हुआ।

ग्रहण समाप्ति के बाद श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। भक्तों ने बाबा के भव्य श्रृंगार के दर्शन कर आत्मिक शांति का अनुभव किया। बिरज के रसिया बलवीर सिंह बल्लो और रजत शमशाबादी ने अपने भक्ति भजनों से वातावरण को रसपूर्ण बना दिया। भजनों की स्वर लहरियों पर भक्तजन झूमते-नाचते रहे और पूरा परिसर आध्यात्मिक आनंद से भर उठा।

समाजसेवी श्याम भोजवानी ने बताया कि यह आयोजन रंगों के साथ-साथ श्रद्धा, भक्ति और एकता का सुंदर प्रतीक बना। कार्यक्रम में महंत योगेश भारद्वाज, समाजसेवी श्याम भोजवानी, माधव भारद्वाज, अमित कपूर, धर्मेंद्र आर्य, गोपाल शुक्ला, राम निवास गुप्ता, संजय कोहली, टीकम सिंह, पंकज, अमित, मनोज, समीर सहित समस्त भक्तगण उपस्थित रहे।

चंद्र ग्रहण पर नवग्रह शांति हवन, मां पीतांबरा के जयघोष

वजीरपुरा स्थित सीताराम मंदिर परिसर में चंद्र ग्रहण के दौरान मां पीतांबरा के भक्तों ने विश्व शांति हेतु नवग्रह शांति हवन किया। महंत अनंत उपाध्याय के मार्गदर्शन में 21 मालाओं के जप के साथ पूर्णाहुति दी गई।

हवन के बाद गर्भगृह के कपाट विधिवत खोले गए, विशेष आरती संपन्न हुई और प्रसाद वितरण किया गया। मनीष अग्रवाल, डॉ. संजीव नेहरू, निशि नेहरू, रितु अग्रवाल, अंशिका मित्तल, वंदना, हनी सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।

खत्री सभा के होली मिलन समारोह में जुटे समाज के गणमान्य लोग। डिफेंस कॊलोनी यूथ वेलफेयर सोसाइटी के होली मिलन समारोह की एक झलक।माल रोड स्थित श्री हनुमान मंदिर में आयोजित आध्यात्मिक होली मिलन समारोह में जुटे श्रद्धालुओं की एक झलक। सोमवार को चंद्रग्रहण के अवसर पर वजीरपुरा स्थित सीताराम मंदिर में नवग्रह शांति हवन करते महंत और अन्य लोग। 

SP_Singh AURGURU Editor