आगरा में 48 दिवसीय भक्तामर दीप अर्चना का समापन: श्रद्धा, भक्ति में डूबा रहा पद्मप्रभु जिनालय
आगरा। अवधपुरी कॉलोनी स्थित पद्मप्रभु जिनालय में 1 मई से 17 जून तक 48 दीपकों के साथ आयोजित 48 दिवसीय श्री भक्तामर स्तोत्र दीप अर्चना का गुरुवार को भक्तिमय वातावरण में भव्य समापन हुआ। समापन अवसर पर आयोजित श्री भक्तामर महामंडल विधान में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर भगवान पद्मप्रभु की आराधना, भक्तामर स्तोत्र का सामूहिक वाचन और दीप अर्चना कर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त किया। संपूर्ण जिनालय परिसर श्रद्धा, भक्ति और मंगलमय वातावरण से गुंजायमान रहा।
श्री पद्मप्रभु जिनालय परिवार, अवधपुरी द्वारा आयोजित समापन समारोह का शुभारंभ प्रातःकाल भगवान पद्मप्रभु के अभिषेक एवं शांतिधारा से हुआ। इसके पश्चात विधानाचार्य विवेक जैन शास्त्री के कुशल मार्गदर्शन एवं वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच श्री भक्तामर महामंडल विधान की सभी मांगलिक क्रियाएं विधि-विधान से सम्पन्न कराई गईं। विधान में उपस्थित श्रद्धालुओं ने भक्तामर स्तोत्र के प्रत्येक काव्य का श्रद्धा और भक्ति के साथ वाचन किया तथा धर्म आराधना में सहभागिता निभाई। आयोजन के समापन पर पद्मप्रभु जिनालय परिवार ने सभी सहयोगियों, दानदाताओं एवं धर्मानुरागी बंधुओं का आभार व्यक्त करते हुए सभी के सुख, शांति एवं आध्यात्मिक उन्नति की मंगलकामना की।
इस अवसर पर इंद्र प्रकाश जैन, प्रवीन जैन, रवि जैन, अमित जैन, मनीष जैन, नरेन्द्र कुमार जैन, ओमप्रकाश जैन, जितेन्द्र जैन, अनिल जैन, जयकुमार जैन, शुभम जैन, करुणा जैन, हेमलता जैन, रंजना जैन, कविता जैन, रीता जैन, पुष्पा जैन, शालू जैन, रागिनी जैन, सुनीता जैन, सीमा जैन, अंजू जैन सहित समस्त पद्मप्रभु जिनालय परिवार के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।