भक्ति, श्रद्धा और उत्सव का संगम: कहीं संत साईं लीलाशाह की भव्य रथयात्रा, कहीं श्याम संकीर्तन में बही भक्ति की धारा, तो कहीं राम जन्म प्रसंग पर गूंजे जय श्रीराम के जयकारे
आगरा में इन दिनों धार्मिक आयोजनों की श्रृंखला के बीच श्रद्धा और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में संतों के जन्मोत्सव, भजन संकीर्तन और श्रीराम कथा जैसे कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़ रहे हैं। कहीं संत शिरोमणि ब्रह्म ऋषि साईं लीलाशाह के जन्मोत्सव पर भव्य रथयात्रा निकाली गई, तो कहीं खाटू श्याम के संकीर्तन में भक्त भक्ति के सुरों पर झूम उठे। वहीं शास्त्री नगर में चल रही श्रीराम कथा में भगवान श्रीराम के जन्म प्रसंग पर पूरा पंडाल जयकारों से गूंज उठा। इन आयोजनों ने शहर के वातावरण को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया।
साईं लीलाशाह के 146वें जन्मोत्सव पर निकली भव्य रथयात्रा, गौमाता की झांकी बनी आकर्षण का केंद्र
आगरा के शाहगंज क्षेत्र में ब्रह्म ऋषि साईं लीलाशाह के 146वें जन्मोत्सव पर श्रीकृष्ण गौशाला कमेटी द्वारा भव्य रथयात्रा निकाली गई। श्रीकृष्ण गौशाला से शुरू हुई शोभायात्रा में सबसे आगे बैंडबाजों के साथ कृष्ण कन्हैया और गौमाता की झांकी चल रही थी, जिसके पीछे फूलों से सजा साईं लीलाशाह का रथ भक्तों को दर्शन दे रहा था।
रथयात्रा का शुभारंभ गौशाला के अध्यक्ष गिरधारीलाल भगत्यानी और लता भगत्यानी ने श्रीफल फोड़कर व आरती कर किया। यह रथयात्रा श्रीकृष्ण गौशाला से प्रारंभ होकर स्पीड कलर चौराहा, शाहगंज चौराहा, रुई की मंडी, जोगीपाड़ा, भोगीपुरा, सीओडी तिराहा और साकेत कॉलोनी चौराहे से होती हुई पुनः गौशाला परिसर पहुंची।
“हमें जो तुम्हारा सहारा न मिलता…”, “मेरे सतगुरु तेरी नौकरी सबसे बढ़िया है…” जैसे भजनों पर सैकड़ों श्रद्धालु झूमते हुए साईं के रथ के साथ पैदल चल रहे थे। शाहगंज स्थित सोमनाथ धाम पर मठाधीश पीर शंकरनाथ योगी और योगी जहाजनाथ ने श्रद्धालुओं के साथ रथयात्रा का स्वागत कर साईं लीलाशाह की आरती उतारी। जगह-जगह पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया।
इस अवसर पर महेश मंगरानी, मनीष हरजानी, भगवान अवतानी, पूरनचंद, जेके मदनानी, नारायण लालवानी, हेमंत भोजवानी, सुनील करमचंदानी, जेपी धर्मानी, आशू मूलचंदानी, जितेंद्र त्रिलोकानी, जीतू तुलसियानी, अशोक मंगवानी, हिम्मत रामानी, सुरेश शीतलानी, हरीश होतचंदानी, सोनू मदनानी, कपिल पंजवानी आदि उपस्थित रहे।
इसी अवसर पर प्रातःकाल दुग्धाभिषेक और हवन का आयोजन भी किया गया, जिसे पं. भूपेंद्र शर्मा ने संपन्न कराया। गौवंश के लिए पंजीरी, दलिया और फल का भंडारा किया गया तथा अंत में भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया।
अग्रवन में श्याम संकीर्तन में बही भक्ति की रसधार, रेशमी शर्मा के भजनों पर झूमे श्यामप्रेमी

अग्रवन में शुक्रवार को आयोजित श्याम संकीर्तन में भजन प्रस्तुत करतीं रेशमी शर्मा।
वाटरवर्क्स स्थित अग्रवन में श्री श्याम सेवादार परिवार सेवा समिति द्वारा छठे स्थापना दिवस पर भव्य श्री श्याम संकीर्तन महोत्सव का आयोजन किया गया। विशाल दरबार में सजे खाटू श्याम बाबा के दिव्य स्वरूप के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा।
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था के संस्थापक अंकुर खंडेलवाल, निष्कर्ष गुप्ता, अध्यक्ष रितेश गुप्ता और कोषाध्यक्ष आदित्य गुप्ता ने अखंड पावन ज्योति प्रज्वलित कर किया।
समस्तीपुर (बिहार) से आईं प्रसिद्ध भजन गायिका रेशमी शर्मा ने “तू खाटू बुलाता रहे और मैं आता रहूं…”, “जिनकी रहमत से होता हर वो काम है, वो मेरा खाटू वाला श्याम है…” जैसे भजनों से भक्तों को भावविभोर कर दिया। वहीं हरियाणा से आए भजन गायक हर्ष तनेजा और स्थानीय गायक राजा पुरोहित ने भी अपने भजनों से भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
खास बात यह रही कि बाबा का श्रृंगार बंगलुरु और कोलकाता से आए बेला, चमेली, गेंदा, रजनीगंधा, ऑर्किड और गुलाब के फूलों से किया गया था। साथ ही कन्नौज के इत्र की सुगंध से पूरा श्याम दरबार महक उठा। इस अवसर पर धीरज चौरसिया, अमित पाराशर, पंकज गुप्ता, विवेक गुप्ता, गोपी पमनानी, आर्यन बंसल, सुमित बंसल, कृष्णा अग्रवाल, अमन गोयल, अवनीश गुप्ता आदि उपस्थित रहे।
राम जन्म प्रसंग पर गूंजे जय श्रीराम के जयकारे, रामकथा में अवतारों की महिमा का वर्णन

गणेश दुर्गा महोत्सव कमेटी के तत्वावधान में लंगड़े की चौकी, शास्त्री नगर में चल रहे श्री राम कथा महायज्ञ में प्रसंग कहते कथा व्यास भरत उपाध्याय।
शास्त्री नगर के लंगड़े की चौकी स्थित श्री हनुमंत धाम में गणेश दुर्गा महोत्सव कमेटी के तत्वावधान में चल रही 10 दिवसीय श्रीराम कथा महायज्ञ के तृतीय दिवस पर भगवान के विभिन्न अवतारों की महिमा और श्रीराम जन्म का भावपूर्ण वर्णन किया गया।
कथा व्यास भरत उपाध्याय ने कहा कि जब-जब पृथ्वी पर अधर्म बढ़ता है, तब-तब भगवान विभिन्न अवतार लेकर धर्म की स्थापना करते हैं। उन्होंने राजा दशरथ के पुत्रेष्ठि यज्ञ का प्रसंग सुनाते हुए बताया कि महर्षि वशिष्ठ के निर्देश पर श्रृंगी ऋषि द्वारा यज्ञ संपन्न कराया गया, जिसके फलस्वरूप भगवान श्रीराम, भरत, लक्ष्मण और शत्रुघ्न का अवतरण हुआ।
जैसे ही कथा में भगवान श्रीराम के जन्म का प्रसंग आया, पूरा कथा पंडाल “जय श्रीराम” के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने खड़े होकर मंगल गीत गाए और एक-दूसरे को बधाई दी।
श्री हनुमंत धाम के महंत गोपी गुरु जी ने कहा कि रामकथा मनुष्य के जीवन को संस्कारों से जोड़ने का माध्यम है और भगवान श्रीराम का जीवन मर्यादा, त्याग और कर्तव्य का सर्वोच्च उदाहरण है।
कार्यक्रम में डॉ. दीपेश उपाध्याय, सतीश भारद्वाज, आईएमए अध्यक्ष हरेंद्र गुप्ता, आयोजक लालू जादौन, अंजना शर्मा, गोविंद शर्मा, विष्णु सोलंकी, कृष्ण सोलंकी, अमर कुशवाह, मारुति उपाध्याय आदि मौजूद रहे। अंत में आरती समाजसेवी पुष्कल गुप्ता ने की।
श्याम नाम की मेहंदी से सजी श्रद्धा, भजनों पर झूमे भक्त

जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर में आयोजित “श्याम नाम की मेहंदी” कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालु महिलाएं।
आगरा। श्याम नगरी मासिक पोशाक सेवा के तत्वावधान में जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर में शुक्रवार को “श्याम नाम की मेहंदी” कार्यक्रम का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालुओं ने अपने हाथों पर श्याम नाम की मेहंदी लगवाकर भक्ति भाव से कार्यक्रम में भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत श्याम बाबा के सेवाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद मंदिर परिसर भक्ति और उल्लास के रंग में डूब गया। “मैं दुल्हन बनूंगी श्याम सुंदर की”, “आओ सखी मेरी मुझे मेहंदी लगा दो” जैसे भजनों की मधुर प्रस्तुति पर महिलाओं ने झूमकर नृत्य किया और एक-दूसरे को मेहंदी लगाकर श्याम नाम का स्मरण किया।
संस्था से जुड़े मनोज गोयल, मनीष अग्रवाल और अमित गोयल ने बताया कि 14 मार्च शनिवार को सायं 7 बजे मंदिर में श्याम बाबा का विशेष श्रृंगार किया जाएगा। इस अवसर पर एसी हॉल में अखंड ज्योति प्रज्ज्वलित होगी तथा फूलों की होली, पुष्प वर्षा, इत्र वर्षा और भव्य माधुरी संकीर्तन का आयोजन होगा। बरेली के भजन गायक मारुति शर्मा अपनी प्रस्तुति से भक्तों को श्याम भक्ति में सराबोर करेंगे।
कार्यक्रम में सुनीता मित्तल, अरुण मित्तल, सारिका गोयल, सीमा अग्रवाल, डिंपल गोयल, छाया गुप्ता, मिलन गहलोत, विनीता अग्रवाल, पूनम गोयल, कविता सिंघल, रितु अग्रवाल और संध्या सिंघल सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहीं।
Top of Form
कल कलश यात्रा, परसों से प्रारम्भ होगी श्रीराम कथा
आगरा। श्रीकामतानाथ सेवा समिति द्वारा 15 से 21 मार्च तक आयोजित की जा रही श्रीराम की कलश यात्रा का आयोजन 14 मार्च को भक्ति भाव के साथ किया जाएगा। सुबह 8 बजे अग्रधाम सेवा सदन, सेवला से 3100 कलशों के साथ कलश यात्रा प्रारम्भ होकर कथा स्थल पीएस गार्डन पर विश्राम लेगी। जहां विधि विधान के साथ कलश स्थापित किए जाएंगे।
15 मार्च से प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक संगीतमय दोहे व चौपाईयों के माध्यम से श्रीराम की महिमा के वर्णन के लिए विख्यात चित्रकूट के स्वामी श्री रामस्वरूपाचार्य जी महाराज (श्रीकामदगिरि पीठाधीश्वर) 7 दिवसीय श्रीराम कथा में भक्ति की गंगा बहाएंगे। आयोजन समिति के अध्यक्ष रामसेवक शर्मा व महामंत्री डॉ. धर्मेन्द्र त्यागी ने बताया सभी श्रद्धालुओं को कथा श्रवण के लिए आमंत्रित किया।