शांति और श्रम का संगम: बुद्ध पूर्णिमा की शोभायात्रा से गूंजा करुणा का संदेश, श्रमिक दिवस पर मजदूरों का सम्मान
आगरा। एक ओर जहां बुद्ध पूर्णिमा के पावन अवसर पर भगवान गौतम बुद्ध के शांति, अहिंसा और समता के संदेश ने शहर को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया, वहीं दूसरी ओर मजदूर दिवस पर श्रमिकों के सम्मान में समाज ने कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनके योगदान को सलाम किया। आगरा में आयोजित दोनों कार्यक्रमों ने मानवता, श्रम और समरसता की अनूठी तस्वीर पेश की।
बुद्ध पूर्णिमा पर भव्य शोभायात्रा, शहर में गूंजा ‘बुद्धम् शरणम् गच्छामि’
शाहगंज क्षेत्र के ग्यासपुरा स्थित महामाया बुद्ध विहार की ओर से बुद्ध पूर्णिमा के उपलक्ष्य में भगवान गौतम बुद्ध की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। कार्यक्रम का शुभारंभ समाजसेवी चौधरी महेंद्र सिंह द्वारा बौद्ध वंदना और फीता काटकर किया गया।
विहार के अध्यक्ष राजा बाबू बौद्ध ने बताया कि शोभायात्रा का उद्देश्य भगवान बुद्ध के विचारों—शांति, अहिंसा, करुणा और मानवता—को जन-जन तक पहुंचाना है। यह यात्रा महामाया बुद्ध विहार से प्रारंभ होकर खतेना, जगदीशपुरा, मारुति स्टेट, प्रेमनगर, रामनगर, प्रकाश नगर, डिग्गी, नगला मोहन और पचकुइयां होते हुए शाहगंज स्थित जूता मंडी प्रदर्शनी केंद्र पर संपन्न हुई।
मार्ग में जगह-जगह पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया। करीब 40 आकर्षक झांकियों ने भगवान बुद्ध के जीवन प्रसंग, त्याग, ज्ञान प्राप्ति और उपदेशों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। ‘बुद्धम् शरणम् गच्छामि, संघम् शरणम् गच्छामि’ के जयघोष से वातावरण गुंजायमान रहा।
इस अवसर पर प्रमुख उपासक संजय सिंह, नवल किशोर, नरेश बौद्ध, सुरेखा सिंह, ममता कुमारी, दीपू, बबलू, हैप्पी सहित अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे।
मजदूर दिवस पर श्रमिकों का सम्मान, समाज ने जताया आभार

श्रमिक दिवस पर सम्मानित किये गये मजदूरों के साथ लीडर्स आगरा के पदाधिकारी।
वहीं लीडर्स आगरा परिवार द्वारा पारस पर्ल्स अपार्टमेंट में मजदूर दिवस के अवसर पर श्रमिकों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान सफाई कर्मियों और कामगार मजदूरों को पटके पहनाकर उनका अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता संरक्षक सुनील बग्गा ने की। महामंत्री सुनील जैन ने बताया कि देश की आर्थिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में मजदूर वर्ग की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका है और उनके बिना विकास की कल्पना अधूरी है।
इस अवसर पर रोहित गोयल, सुमित अग्रवाल, रोहित लूथरा, करन सिंह और राजीव सिंघल की ओर से भीषण गर्मी को देखते हुए श्रमिकों को ठंडा पानी पीने के लिए मिल्टन की आकर्षक बोतलें भेंट की गईं।
कार्यक्रम में सुनील बग्गा, सुनील जैन, डॉ. अशोक कुशवाहा, अनुज जैन, सुशील जैन, संजय कुमार एडवोकेट, करन सिंह, रोहित लूथरा, अंकुर जैन सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।