मिशन 2027 की रणनीति पर मंथन, आगरा में सीएम योगी की मौजूदगी में संघ-भाजपा की अहम समन्वय बैठक शुरू

आगरा। ताजनगरी आगरा में शनिवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भारतीय जनता पार्टी की महत्वपूर्ण समन्वय बैठक शुरू हो गई है। माल रोड स्थित अमर कन्वेंशन सेंटर में हो रही इस बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी ने इसे और अहम बना दिया है। माना जा रहा है कि यह बैठक आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल बनाने के उद्देश्य से आयोजित की गई है।

Mar 7, 2026 - 12:13
 0
मिशन 2027 की रणनीति पर मंथन, आगरा में सीएम योगी की मौजूदगी में संघ-भाजपा की अहम समन्वय बैठक शुरू
बैठक मे जाते सीएम योगी आदित्यनाथ। साथ में हैं क्षेत्र प्रचारक महेंद्र व प्रांत प्रचारक धर्मेन्द्र।

संगठन और सरकार के तालमेल पर चर्चा, 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर बनेगी रणनीति

आगरा। ताजनगरी आगरा में शनिवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भारतीय जनता पार्टी की महत्वपूर्ण समन्वय बैठक शुरू हो गई है। माल रोड स्थित अमर कन्वेंशन सेंटर में हो रही इस बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी ने इसे और अहम बना दिया है। माना जा रहा है कि यह बैठक आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल बनाने के उद्देश्य से आयोजित की गई है।

बैठक में संघ और भाजपा के कई शीर्ष पदाधिकारी शामिल हुए हैं। मुख्यमंत्री के पहुंचने पर संघ के क्षेत्र प्रचारक महेंद्र और प्रांत प्रचारक धर्मेन्द्र ने उनका स्वागत किया। इस दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह भी मौजूद रहे।

इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगरा पहुंचने पर खेरिया एयरपोर्ट पर जनप्रतिनिधियों और भाजपा नेताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री सीधे बैठक स्थल पहुंचे, जहां संगठनात्मक रणनीति और राजनीतिक हालात पर गहन मंथन शुरू हुआ।

सूत्रों के मुताबिक बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, सरकार की योजनाओं को जनता तक प्रभावी तरीके से पहुंचाने और कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर समन्वय बनाने पर चर्चा की जा रही है। इसके अलावा संघ के आगामी शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों और संगठन विस्तार की रणनीति पर भी विचार-विमर्श होने की संभावना है।

भाजपा नेतृत्व के लिए यह बैठक इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि पार्टी अभी से मिशन 2027 की तैयारी में जुट गई है। आगरा में हो रही यह समन्वय बैठक पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीतिक रणनीति तय करने के लिहाज से अहम मानी जा रही है। बैठक के बाद मुख्यमंत्री सिकंदरा क्षेत्र में यथार्थ हॉस्पिटल के लोकार्पण कार्यक्रम में भी शामिल होंगे, जहां वे जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की नई सौगात देंगे।