बाह-इटावा मार्ग पर मौत का तांडव: अनियंत्रित बोलेरो पेड़ से टकराई, 5 की दर्दनाक मौत, 4 की जिंदगी और मौत के बीच जंग, कैलादेवी दर्शन कर इकदिल लौट रहे थे श्रद्धालु

आगरा। जनपद के थाना चित्राहाट क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने पांच जिंदगियां निगल लीं, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल होकर जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं। तेज रफ्तार और अनियंत्रित बोलेरो गाड़ी सड़क किनारे पेड़ से टकराकर चकनाचूर हो गई, जिससे श्रद्धालुओं में चीख-पुकार मच गई और पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

Mar 20, 2026 - 09:39
Mar 20, 2026 - 09:41
 0
बाह-इटावा मार्ग पर मौत का तांडव: अनियंत्रित बोलेरो पेड़ से टकराई, 5 की दर्दनाक मौत, 4 की जिंदगी और मौत के बीच जंग, कैलादेवी दर्शन कर इकदिल लौट रहे थे श्रद्धालु
हादसे में बुरी तरह क्षतिग्रस्त बोलेरो कार।

हादसे के बाद मके पर पर पहुंची पुलिस ग्रामीणों से जानकारी लेते हुए। 

जानकारी के अनुसार यह दर्दनाक हादसा बाह-इटावा मार्ग पर थाना चित्राहाट क्षेत्र में हुआ, जब बोलेरो गाड़ी में सवार सभी लोग राजस्थान के कैला देवी मंदिर से दर्शन कर इटावा के इकदिल लौट रहे थे। रास्ते में अचानक गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए।

इस भयावह दुर्घटना में मौके पर ही पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान कामता प्रसाद (70 वर्ष), देवेंद्र (35 वर्ष), सीमा देवी (32 वर्ष), आराध्या (3 वर्ष) निवासी नगला बर, इकदिल इटावा तथा ऋषि (20 वर्ष) निवासी प्रतापपुर अजीतमल औरैया के रूप में हुई है। मृतकों में तीन पुरुष, एक महिला और एक मासूम बच्ची शामिल है, जिसने इस हादसे को और भी हृदयविदारक बना दिया।

वहीं इस हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों में रोशनी (22 वर्ष) निवासी नगला बर, अवनीश (20 वर्ष) निवासी कुहानी कला महेवा (चालक), आदित्य (13 वर्ष) और ऋषभ (18 वर्ष) निवासी नगला बर, इकदिल इटावा शामिल हैं। सभी घायलों को तत्काल पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से एंबुलेंस द्वारा सैफई, इटावा के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

सूचना मिलते ही थाना चित्राहाट पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए सीएचसी बाह भेज दिया है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त पूर्वी जोन कमिश्नरेट आगरा, श्री अभिषेक अग्रवाल ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने हादसे के कारणों की गहन जांच के निर्देश भी दिए हैं।

इस हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया है। एक ही झटके में पांच लोगों की मौत ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया है। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है, जबकि घायलों का इलाज जारी है।

SP_Singh AURGURU Editor