हॉस्टल में मौत का धुआं, शॉर्ट सर्किट से भड़की आग, अंदर फंस गईं थीं 70 छात्राएं , चीख-पुकार से गूंजा कैंपस
आगरा यूनिवर्सिटी के गर्ल्स हॉस्टल में मेस के अंदर शॉर्ट सर्किट से आग लग गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई। करीब 70 छात्राएं उस समय मौजूद थीं, कुछ देर के लिए कुछ छात्राएं अंदर फंस भी गईं। स्टाफ और छात्राओं की सूझबूझ से आग पर काबू पा लिया गया। किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
खंदारी कैंपस स्थित होम साइंस इंस्टीट्यूट के गर्ल्स हॉस्टल में लगी थी भीषण आग, हालत सामान्य
आगरा। आगरा के डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय (पूर्व में आगरा यूनिवर्सिटी) के खंदारी कैंपस स्थित होम साइंस इंस्टीट्यूट के गर्ल्स हॉस्टल में रविवार दोपहर अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना करीब 12 बजे की है, जब हॉस्टल के मेस में शॉर्ट सर्किट के चलते आग भड़क उठी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले बिजली के तारों में चिंगारियां उठीं और कुछ ही पलों में तेज धमाके जैसी आवाजें आने लगीं। देखते ही देखते आग ने मेस क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया और पूरा इलाका धुएं से भर गया। उस समय हॉस्टल में करीब 70 छात्राएं मौजूद थीं, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।
धुएं और आग के बीच कई छात्राएं कुछ समय के लिए अंदर ही फंस गईं। घबराहट में छात्राएं चीखने-चिल्लाने लगीं, लेकिन इसी बीच वहां मौजूद स्टाफ और छात्राओं ने हिम्मत दिखाते हुए आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी। प्राथमिक संसाधनों से आग पर काबू पाने का प्रयास जारी रहा, जबकि शॉर्ट सर्किट के कारण तारों में लगातार स्पार्किंग होती रही।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। बाद में काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस पूरे घटनाक्रम में किसी भी छात्रा या स्टाफ को कोई चोट नहीं आई।
घटना की सूचना मिलते ही हॉस्टल वार्डन भी मौके पर पहुंचीं। डरी-सहमी छात्राएं वार्डन से लिपटकर रोने लगीं। वार्डन ने उन्हें शांत कराया और सुरक्षा का भरोसा दिया। विश्वविद्यालय की पीआरओ पूजा सक्सेना ने बताया कि छात्राओं और स्टाफ की सतर्कता के कारण समय रहते आग बुझा ली गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। हालांकि, प्रशासन अब हॉस्टल की बिजली व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों की जांच कराने की तैयारी में है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।