शिवालयों के परिक्रमा मार्ग गड्ढा मुक्त और सुरक्षित बनाने की मांग, पार्षद मुरारी लाल गोयल ने नगरायुक्त को सौंपा मांग पत्र
आगरा। आगामी 30 जुलाई से शुरू हो रहे पवित्र श्रावण मास को देखते हुए शहर के प्रमुख शिवालयों तक जाने वाले परिक्रमा मार्गों को गड्ढा मुक्त, स्वच्छ और सुरक्षित बनाने की मांग तेज हो गई है। समाजसेवी एवं वार्ड-91 (बल्केश्वर) के पार्षद मुरारी लाल गोयल 'पेंट वाले' ने मंगलवार को नगर निगम पहुंचकर नगरायुक्त संतोष कुमार वैश्य को मांग पत्र सौंपा और लाखों शिवभक्तों एवं कांवड़ यात्रियों की सुविधा के लिए तत्काल विशेष व्यवस्था कराने की मांग की। नगरायुक्त ने शीघ्र ही स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्य कराने का आश्वासन दिया।
पार्षद मुरारी लाल गोयल ने प्रार्थना-पत्र में कहा कि 30 जुलाई से श्रावण मास प्रारंभ हो रहा है। आगरा की धार्मिक परंपरा के अनुसार सावन के दौरान शहर के चारों दिशाओं में स्थित प्राचीन शिवालयों श्री बल्केश्वर महादेव मंदिर, श्री मनकामेश्वर मंदिर, श्री राजेश्वर मंदिर, श्री पृथ्वीनाथ मंदिर एवं श्री रावली मंदिर में लाखों श्रद्धालु जलाभिषेक और परिक्रमा के लिए पहुंचते हैं। हजारों कांवड़ यात्री पैदल जल लेकर आते हैं और दिन-रात परिक्रमा का क्रम चलता रहता है।
उन्होंने कहा कि यदि परिक्रमा मार्गों पर गड्ढे, मलबा या अन्य अवरोध बने रहे तो श्रद्धालुओं के चोटिल होने की आशंका बनी रहेगी। इसलिए सावन शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं युद्ध स्तर पर पूरी कराई जानी चाहिए, ताकि आस्था की यात्रा सुरक्षित और सुगम बन सके।
नगरायुक्त संतोष कुमार वैश्य ने पार्षद को आश्वस्त किया कि नगर निगम की टीम जल्द ही प्रमुख शिव मंदिरों और परिक्रमा मार्गों का मौके पर निरीक्षण करेगी तथा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराई जाएंगी।
प्रार्थना-पत्र में ये हैं प्रमुख मांगें
प्रमुख शिवालयों को जोड़ने वाले सभी परिक्रमा मार्गों और मंदिरों तक जाने वाली सड़कों को तत्काल गड्ढा मुक्त किया जाए। परिक्रमा मार्गों पर नियमित सफाई कराई जाए तथा रात्रि में पर्याप्त स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सड़कों पर पड़ी निर्माण सामग्री, मलबा एवं अन्य अवरोधकों को हटाया जाए, जिससे कांवड़ यात्रियों और पैदल श्रद्धालुओं को परेशानी न हो। क्षतिग्रस्त सड़कों पर तत्काल पैचवर्क कराया जाए। परिक्रमा मार्गों पर पुलिस एवं होमगार्ड की तैनाती के साथ-साथ जगह-जगह पेयजल की व्यवस्था की जाए। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रमुख स्थानों पर बायो टॉयलेट लगाए जाएं।
मुरारी लाल गोयल ने कहा कि श्रावण मास में लाखों श्रद्धालु आगरा के शिवालयों में दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में नगर निगम और संबंधित विभागों को जनभावनाओं का सम्मान करते हुए समय रहते सभी व्यवस्थाएं पूरी करनी चाहिए, ताकि किसी भी शिवभक्त को असुविधा का सामना न करना पड़े।