समाधि पार्क में श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव में हरिनाम संकीर्तन पर झूमे श्रद्धालु, श्री प्रेमनिधि मंदिर में धूमधाम से मनाया गया नंदोत्सव
आगरा। आगरा शनिवार को भक्ति, संकीर्तन और श्रीकृष्ण प्रेम के रंग में पूरी तरह सराबोर दिखाई दिया। एक ओर सूर्य नगर स्थित समाधि पार्क में इस्कॉन आगरा एवं राधा सखी ग्रुप के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव में श्रद्धालु हरिनाम संकीर्तन और श्रीकृष्ण लीला में डूबे नजर आए, वहीं दूसरी ओर नाई की मंडी स्थित प्राचीन श्री प्रेमनिधि मंदिर में अधिकमास के सातवें दिन नंदोत्सव अत्यंत उल्लास और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। दोनों आयोजनों में देर रात तक जयघोष, भजन और संकीर्तन की गूंज सुनाई देती रही।
श्रीकृष्ण लीला और नवयोगेन्द्र संवाद से गूंजा समाधि पार्क
सूर्य नगर स्थित समाधि पार्क में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव में कथा व्यास सार्वभौम प्रभु ने श्रीकृष्ण लीला, यादव वंश संहार एवं नवयोगेन्द्र संवाद प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन किया। कथा का शुभारंभ हरे कृष्ण महामंत्र संकीर्तन से हुआ तथा समापन भी हरिनाम संकीर्तन के साथ हुआ।
कथा व्यास ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की प्रत्येक लीला जीव को धर्म, प्रेम और वैराग्य का संदेश देती है। श्रीकृष्ण का जीवन केवल चमत्कारों की कथा नहीं, बल्कि मानव जीवन को ईश्वर की ओर ले जाने वाला दिव्य मार्ग है। उन्होंने कहा कि कलियुग में भगवान का स्मरण और नाम-जप ही आत्मकल्याण का सबसे सरल साधन है। कथा व्यास ने यादव वंश संहार और वयोगेन्द्र संवाद प्रसंग का वर्णन भी किया।
कथा के पश्चात आरती एवं फूलों की होली के साथ सामूहिक संकीर्तन हुआ, जिसमें श्रद्धालु देर तक भक्ति में झूमते रहे। कथा व्यास ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा का उद्देश्य केवल कथा श्रवण नहीं, बल्कि जीव को भगवान श्रीकृष्ण के चरणों में समर्पित करना है।
अरविंद स्वरूप प्रभु ने बताया कि रविवार को नरसिंह हवन एवं प्रसादी के साथ कथा विश्राम होगा। राधा सखी ग्रुप की संस्थापिका अशु मित्तल ने कहा कि कथा महोत्सव में प्रतिदिन मूल भागवत के प्रसंगों का सरल एवं भक्तिपूर्ण शैली में वर्णन किया गया।
कार्यक्रम में अदिति गौरंगी, मोनिका अग्रवाल, रीता खन्ना, लवली कथूरिया, संजीव मित्तल, रेनू भगत, मीनाक्षी मोहन, ज्योति, रेशमा मगन, रेनू लांबा, तनुजा मांगलिक, डॉ. अपर्णा पोद्दार, डॉ. परिणीता बंसल और शिखा सिंघल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
श्री प्रेमनिधि मंदिर में धूमधाम से मना नंदोत्सव

नाई की मंडी, कटरा हाथी शाह स्थित प्राचीन श्री प्रेमनिधि मंदिर में चल रहे श्री पुरुषोत्तम (अधिक मास) मनोरथ महोत्सव के अंतर्गत शनिवार को ठाकुर श्री श्याम बिहारी (श्री बड़े गोविन्द) जी महाराज का नंदोत्सव अत्यंत उल्लास और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। मंदिर परिसर “नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” के जयघोषों से देर तक गुंजायमान रहा।
मुख्य सेवाधारी हरिमोहन गोस्वामी ने बताया कि पुष्टिमार्ग में नंदोत्सव वात्सल्य और आनंद का सर्वोच्च प्रतीक माना जाता है। उन्होंने कहा कि आज मंदिर में वही उल्लास दिखाई दिया जैसा द्वापर युग में नंद बाबा के आंगन में बालकृष्ण के प्राकट्य पर हुआ था।
परंपरा के अनुसार भक्तों के मध्य खिलौने, वस्त्र, फल एवं मिठाइयों की बधाई लुटाई गई, जिसे प्राप्त कर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।
सेवा अधिकारी सुनीत गोस्वामी ने बताया कि ठाकुर श्री श्याम बिहारी जी महाराज को विशेष केसरिया एवं पीताम्बरी वागा धारण कराए गए तथा विशिष्ट आभूषणों से अलंकृत किया गया। कीर्तनकारों ने नंद घर आनंद भयो सहित पारंपरिक बधाई पदों का संगीतमय गायन किया। प्रभु को माखन-मिश्री एवं छप्पन भोग का विशेष नेग अर्पित किया गया।
आज के भव्य नंदोत्सव मनोरथ के चरण सेवक आनंद कुमार गोयल रहे। इस अवसर पर आनंद कुमार, अजय कुमार, पुनीत कुमार, विपुल, माधव, आयुष, अर्क, प्रहलाद गोयल, भक्ति गोस्वामी एवं वंशिका गोस्वामी ने ठाकुर जी की विशेष आरती उतारी और संत-वैष्णवों का आशीर्वाद प्राप्त किया।