चार साल तक नहीं कटवाए बाल-दाढ़ी, चोरी की राइफल मिली तो खत्म हुआ अनोखा संकल्प

आगरा में एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां पूर्व प्रधान उदय सिंह पिप्पल ने अपनी चोरी हुई लाइसेंसी राइफल वापस मिलने तक बाल और दाढ़ी नहीं कटवाने का संकल्प लिया था। वर्ष 2022 में चोरी हुई राइफल चार साल बाद खेरागढ़ पुलिस, वेस्ट जोन एसओजी और सर्विलांस टीम की कार्रवाई में बरामद हो गई। 25 हजार के इनामी आरोपी ध्रुव की गिरफ्तारी के बाद राइफल बरामद हुई। राइफल मिलने के साथ ही उदय सिंह का चार साल पुराना संकल्प भी पूरा हो गया और अब वह अपने पुराने लुक में लौटने की तैयारी कर रहे हैं।

Sep 1, 2026 - 17:20
 0
चार साल तक नहीं कटवाए बाल-दाढ़ी, चोरी की राइफल मिली तो खत्म हुआ अनोखा संकल्प
उदय सिंह अपने संकल्प के बारे में बताते हुए।

आगरा। चोरी की एक राइफल ने एक शख्स की जिंदगी के चार साल ऐसे बदल दिए कि उसने न तो बाल कटवाए और न ही दाढ़ी बनवाई। यह कोई फैशन स्टेटमेंट नहीं था, न ही किसी धार्मिक मन्नत का मामला। यह था अपनी चोरी हुई लाइसेंसी राइफल को वापस पाने का एक अनोखा और अटूट संकल्प।

साल 2022 में घर से चोरी हुई राइफल के वापस मिलने तक उदय सिंह पिप्पल ने तय कर लिया था कि वह अपने बाल और दाढ़ी नहीं कटवाएंगे। दिन बीते, महीने गुजरे और देखते ही देखते चार साल गुजर गए, लेकिन उनका संकल्प नहीं टूटा। अब आगरा पुलिस की कार्रवाई में जब उनकी वर्षों पुरानी चोरी हुई राइफल बरामद हुई तो उदय सिंह की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। राइफल मिलने के साथ ही चार साल पुराना उनका संकल्प भी पूरा हो गया। अब उदय सिंह ने फिर से अपना पुराना लुक अपनाने का फैसला किया है।

2022 की वह चोरी, जिसने बदल दिया जीवन

मामला 6 जून 2022 की रात का है। उस रात बदमाश उदय सिंह पिप्पल के घर में घुस गए थे। चोर घर से उनकी लाइसेंसी राइफल और 20 कारतूस के अलावा करीब ढाई किलो चांदी, 22 तोला सोना और करीब चार लाख रुपये नकद चोरी कर ले गए थे। घटना के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। कार्रवाई के दौरान कुछ आरोपियों को गिरफ्तार भी किया गया और चोरी का कुछ सामान बरामद हुआ, लेकिन उदय सिंह की सबसे बड़ी चिंता बनी रही उनकी लाइसेंसी राइफल। समय बीतता गया, लेकिन राइफल का कोई सुराग नहीं मिला। इसी दौरान उदय सिंह ने खुद से एक संकल्प लिया, जब तक उनकी राइफल वापस नहीं मिलेगी, वह न तो बाल कटवाएंगे और न ही अपनी दाढ़ी बनवाएंगे।

चार साल तक निभाया अपना वादा

राइफल की तलाश और इंतजार के बीच उदय सिंह का संकल्प लगातार कायम रहा। चार साल तक उन्होंने अपने बाल और दाढ़ी नहीं कटवाए। यह संकल्प उनके लिए सिर्फ एक व्यक्तिगत फैसला नहीं था, बल्कि चोरी के बाद अपनी खोई हुई चीज को वापस पाने की उम्मीद से जुड़ा हुआ था। हर बीतते दिन के साथ राइफल की तलाश का इंतजार लंबा होता गया, लेकिन उदय सिंह ने अपना फैसला नहीं बदला। आखिरकार चार साल बाद पुलिस की एक कार्रवाई ने उनकी उम्मीद को हकीकत में बदल दिया।

25 हजार के इनामी की गिरफ्तारी से खुला पुराना राज

थाना खेरागढ़ पुलिस, वेस्ट जोन एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में धौलपुर निवासी 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश ध्रुव को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, ध्रुव के खिलाफ अलग-अलग थाना क्षेत्रों में नौ मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उसके कब्जे से एक लाइसेंसी राइफल, 315 बोर के दो जिंदा कारतूस, चोरी के 50 हजार रुपये और एक मोटरसाइकिल बरामद की। जब पुलिस ने बरामद राइफल के संबंध में जांच आगे बढ़ाई तो एक चार साल पुरानी चोरी की वारदात का सिरा सामने आ गया। जांच में पता चला कि बरामद राइफल वही थी, जो वर्ष 2022 में सैंया थाना क्षेत्र में पूर्व प्रधान उदय सिंह पिप्पल के घर से चोरी हुई थी।

‘राइफल मिली तो संकल्प भी पूरा’

चार साल से जिस राइफल के वापस मिलने का इंतजार उदय सिंह कर रहे थे, वह आखिरकार पुलिस के हाथ लग गई। राइफल बरामद होने की खबर उनके लिए किसी बड़ी खुशखबरी से कम नहीं थी। उदय सिंह ने आगरा पुलिस, एसओजी और खेरागढ़ पुलिस टीम का आभार जताया। उन्होंने कहा कि जिस राइफल के लिए वह चार साल से इंतजार कर रहे थे, वह अब वापस मिल गई है और इसके साथ ही उनका संकल्प भी पूरा हो गया। अब वह अपने बाल और दाढ़ी कटवाकर चार साल पहले के अपने पुराने लुक में वापस लौटने जा रहे हैं।

कई जिलों और राज्यों में सक्रिय था गैंग

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी ध्रुव अपने साथियों के साथ मिलकर सीमा क्षेत्र के गांवों के अलावा अलग-अलग जिलों और राज्यों में चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। गिरोह के दो अन्य साथी अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। एक चोरी ने चार साल पहले उदय सिंह से उनकी लाइसेंसी राइफल छीन ली थी। लेकिन उसी राइफल को वापस पाने की जिद ने उन्हें चार साल तक एक अनोखे संकल्प से बांधे रखा।

अब चार साल बाद राइफल वापस मिल गई है। पुलिस की इस बरामदगी ने सिर्फ एक चोरी का माल ही नहीं लौटाया, बल्कि एक शख्स के चार साल पुराने इंतजार, जिद और संकल्प को भी पूरा कर दिया है। अब जल्द ही उदय सिंह की दाढ़ी और बाल भी कटेंगे और वह एक बार फिर अपने पुराने रूप में नजर आएंगे।