आगरा के पत्रकारों और कलासाधकों का बनेगा डिजिटल परिचय कोश, संस्कार भारती ने शुरू की अनूठी पहल
आगरा। संस्कार भारती आगरा महानगर ने शहर के पत्रकारों और विभिन्न कला विधाओं से जुड़े कलासाधकों का विस्तृत परिचय कोश (शब्दकोश) प्रकाशित करने का निर्णय लिया है। इसके लिए सभी कलाकारों एवं पत्रकारों का परिचय गूगल फॉर्म के माध्यम से एकत्र किया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी योजना की शुरुआत माधव भवन, जयपुर हाउस में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान गूगल फॉर्म जारी कर की गई।
पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए प्रचारक एवं संस्कार भारती के अखिल भारतीय अधिकारी बांकेलाल जी ने कहा कि कला क्षेत्र की विभिन्न संस्थाओं, सरकारी विभागों, अकादमियों और विश्वविद्यालयों को समय-समय पर कलाकारों के प्रमाणिक डाटा की आवश्यकता पड़ती है। वर्तमान में कलाकारों और संस्थाओं के बीच इस प्रकार का कोई समग्र मंच उपलब्ध नहीं है। इसी कमी को दूर करने के उद्देश्य से संस्कार भारती आगरा महानगर कलाकारों का विस्तृत परिचय कोश तैयार करेगी, जिसे समय-समय पर अद्यतन भी किया जाएगा।
संस्कार भारती आगरा महानगर के अध्यक्ष एवं परिचय कोश योजना के सूत्रधार आर्किटेक्ट राजीव द्विवेदी ने बताया कि परिचय कोश का डिजिटल संस्करण सभी के लिए निशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे कलाकारों और विभिन्न संस्थाओं को एक साझा मंच मिल सके।
महानगर संरक्षक एवं योजना के संयोजक डॉ. दिनेश शर्मा ने बताया कि परिचय कोश में पत्रकार, चित्रकार, संगीतज्ञ, गायक, वादक, नृत्य कलाकार, रंगकर्मी, लोक कलाकार, साहित्यकार, कहानीकार, कवि तथा अन्य सभी कला विधाओं से जुड़े रचनाकारों को शामिल किया जाएगा। इसका उद्देश्य आगरा की सांस्कृतिक और साहित्यिक प्रतिभाओं का प्रामाणिक दस्तावेज तैयार करना है।
पत्रकार वार्ता में संस्कार भारती के प्रांतीय महामंत्री नन्द नन्दन गर्ग, प्रांतीय संरक्षक आलोक आर्य, अशोक गोयल, प्रेमचंद अग्रवाल 'सुपारी', अनीता भार्गव, श्याम तिवारी, नीता गर्ग, प्रभुदत्त उपाध्याय, सीए विवेक अग्रवाल, डॉ. विनोद माहेश्वरी, छीतरमल गर्ग, राजीव सिंघल, अमित अग्रवाल, एस.एन. गर्ग तथा नन्द किशोर सहित अनेक पदाधिकारी एवं साहित्यकार उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन महानगर महामंत्री ओम स्वरूप गर्ग ने किया।