लखनऊ- आगरा एक्सप्रेस-वे पर उन्नाव में मौत का मंजर, डबल डेकर बस पलटी, दरोगा-कैदी समेत 7 की मौत

उत्तर प्रदेश के उन्नाव में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। दिल्ली से बिहार जा रही डबल डेकर एसी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बिहार पुलिस के दरोगा, एक कैदी समेत 7 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 25 लोग घायल हुए हैं। शुरुआती जांच में ड्राइवर को झपकी आने की आशंका जताई जा रही है। हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

May 26, 2026 - 16:29
May 26, 2026 - 16:30
 0
लखनऊ- आगरा एक्सप्रेस-वे पर उन्नाव में मौत का मंजर, डबल डेकर बस पलटी, दरोगा-कैदी समेत 7 की मौत
उन्नाव के पास हुई दुर्घटनाग्रस्त बस।

 चीखों से गूंज उठा एक्सप्रेस-वे, खिड़कियों से नीचे गिरे यात्री, 25 यात्री घायल 

उन्नाव। उन्नाव के औरास थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह करीब 5 बजे लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। दिल्ली से बिहार जा रही एक डबल डेकर एसी बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा इतना भयावह था कि बस डिवाइडर से टकराने के बाद सड़क किनारे लगी रेलिंग पर लटक गई और कई यात्री खिड़कियों से नीचे जा गिरे। इस दर्दनाक हादसे में बिहार पुलिस के दरोगा और एक कैदी समेत 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 लोग घायल हो गए। घायलों में तीन पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि बस चालक को नींद की झपकी आने से वाहन पर नियंत्रण बिगड़ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस तेज रफ्तार में दौड़ रही थी। अचानक जोरदार धमाका हुआ और बस डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे के दौरान कई यात्री बस की खिड़कियों से बाहर जा गिरे। एक यात्री का पैर कटकर शरीर से अलग हो गया। एक्सप्रेस-वे के नीचे ढलान पर घायल यात्री दर्द से तड़पते रहे।

दरोगा और कैदी की भी गई जान

मृतकों में बिहार के सीवान पुलिस लाइन में तैनात दरोगा रामचंद्र राम (59) और गुरुग्राम निवासी कैदी छत्तरपाल सिंह तोमर (59) भी शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, बिहार पुलिस की टीम कैदी को गुरुग्राम कोर्ट में पेशी के लिए लेकर गई थी और वापसी के दौरान यह हादसा हो गया। मृतकों में सुरेश कुमार जायसवाल (गोरखपुर), विदेशी गुप्ता (गोरखपुर) और विजय कुमार (बस्ती) की भी पहचान हुई है, जबकि दो शवों की पहचान अब तक नहीं हो सकी है।

हादसे के बाद मची चीख-पुकार, खून से भर गया सीएचसी

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू कराया। करीब 6 से 7 एंबुलेंस की मदद से 32 घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। अस्पताल में हर तरफ अफरा-तफरी और खून फैला हुआ था। घायल दर्द से कराहते नजर आए। डॉक्टरों ने छह यात्रियों को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर घायलों को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। वहां इलाज के दौरान एक और घायल की मौत हो गई।

अचानक तेज धमाका हुआ और सब खत्म हो गया

घायल यात्री बृजेश कुमार ने बताया कि वह हरियाणा के बल्लभगढ़ से बस में सवार हुए थे। रात में सभी यात्री सो रहे थे, तभी अचानक जोरदार झटका लगा। ऐसा लगा जैसे बड़ा धमाका हुआ हो। कुछ समझ नहीं आया। आंख खुली तो खुद को अस्पताल में पाया। वहीं हादसे में घायल सिपाही रामजी ने बताया कि बस में सवार पुलिस टीम गोरखपुर लौट रही थी। नींद खुली तो बस पलटी हुई थी और चारों तरफ चीख-पुकार मची थी। बाद में पता चला कि हमारे साथ यात्रा कर रहे दरोगा और कैदी की मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों ने सुनाई हादसे की भयावह कहानी

एक स्थानीय प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक वह सुबह टहलने निकले थे, तभी जोरदार आवाज सुनाई दी। पीछे मुड़कर देखा तो बस दुर्घटनाग्रस्त हो चुकी थी। उन्होंने बताया कि यात्री खिड़कियों से नीचे गिर रहे थे और कुछ लोग शीशे तोड़कर बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

आधे घंटे तक बाधित रहा ट्रैफिक

हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर करीब आधे घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बस को हटवाकर यातायात सामान्य कराया।
सफीपुर सीओ सोनम सिंह ने बताया कि हादसे में कुल सात लोगों की मौत हुई है। कई घायलों का इलाज लखनऊ के हायर सेंटर में जारी है।

सीएम योगी ने जताया दुख

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने अधिकारियों को घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए और सभी के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।