दहेज की मांग ने उजाड़ा विवाहिता का जीवन! पति समेत छह पर मारपीट, हत्या के प्रयास और उत्पीड़न के गंभीर आरोप

-महावीर सिंह वर्मा- फतेहपुर सीकरी। दहेज की मांग को लेकर विवाहिता के साथ कथित रूप से मारपीट, मानसिक उत्पीड़न और जान से मारने के प्रयास का मामला सामने आया है। पीड़िता ने पति समेत छह ससुरालीजनों के खिलाफ थाना फतेहपुर सीकरी में प्रार्थना पत्र देकर निष्पक्ष जांच और कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में अतिरिक्त दहेज की मांग, मारपीट, धमकी तथा पति पर दूसरी महिला से अवैध संबंध रखने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

Jun 30, 2026 - 11:28
 0
दहेज की मांग ने उजाड़ा विवाहिता का जीवन! पति समेत छह पर मारपीट, हत्या के प्रयास और उत्पीड़न के गंभीर आरोप

प्राप्त जानकारी के अनुसार रेखा पुरी पत्नी राहुल, निवासी कुंडेरा, जिला भरतपुर (राजस्थान) ने थाना फतेहपुर सीकरी में दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि उसका विवाह राहुल पुत्र महेश, निवासी किली खाना, फतेहपुर सीकरी के साथ हुआ था। विवाह के कुछ समय बाद ही पति राहुल, सास लीलावती, ससुर महेश, ननद रजनी पत्नी बलराम, चिंकी तथा सोनम पत्नी करण ने अतिरिक्त दहेज में एक बुलेट मोटरसाइकिल, एक लाख रुपये नकद तथा अन्य सामान की मांग शुरू कर दी।

पीड़िता का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर उसके साथ लगातार गाली-गलौज, मारपीट और मानसिक उत्पीड़न किया गया। विरोध करने पर उसे प्रताड़ित किया जाता था और मायके से दहेज लाने का दबाव बनाया जाता था।

प्रार्थना पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि एक अवसर पर पति सहित सभी नामजद लोगों ने मिलकर उसके साथ मारपीट की और उसकी जान लेने का प्रयास किया। किसी तरह मामला शांत होने के बाद समझौता हुआ और वह दोबारा ससुराल लौट गई, लेकिन इसके बावजूद कथित उत्पीड़न बंद नहीं हुआ।

विवाहिता ने अपने पति राहुल पर एक महिला से अवैध संबंध होने का भी आरोप लगाया है। उसका कहना है कि जब उसने इसका विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई।

पीड़िता ने अपने प्रार्थना पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि 28 जून 2026 को रिश्तेदारों की मौजूदगी में भी उसके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और धमकियां दी गईं, जिससे वह भयभीत है।

रेखा पुरी ने थाना फतेहपुर सीकरी पुलिस से पति राहुल पुत्र महेश, सास लीलावती, ससुर महेश, ननद रजनी पत्नी बलराम, चिंकी तथा सोनम पत्नी करण के विरुद्ध निष्पक्ष जांच कर विधिक कार्रवाई करने के साथ-साथ स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच के बाद साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

SP_Singh AURGURU Editor