फतेहपुर सीकरी विधान सभा क्षेत्र से भाजपा की टिकट के लिए डॉ. संजीव पाल सिंह ने ठोकी ताल
आगरा। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 में अब लगभग छह-सात माह का समय शेष रहने के साथ ही राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। आगरा की विभिन्न विधानसभा सीटों पर टिकट के दावेदार सक्रिय हो गए हैं। इसी क्रम में फतेहपुर सीकरी विधानसभा सीट से भाजपा नेता डॉ. संजीव पाल सिंह ने अपनी दावेदारी सार्वजनिक रूप से पेश कर दी है। उन्होंने भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह से लखनऊ स्थित प्रदेश मुख्यालय में मुलाकात कर चुनाव लड़ने की इच्छा जताई और कहा कि यदि पार्टी नेतृत्व जिम्मेदारी सौंपता है तो वह पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ चुनाव मैदान में उतरने के लिए तैयार हैं।
डॉ. संजीव पाल सिंह फतेहपुर सीकरी क्षेत्र के पूर्व विधायक एवं पूर्व मंत्री चौधरी उदयभान सिंह के पुत्र हैं। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में भी उन्होंने भारतीय जनता पार्टी से टिकट की दावेदारी की थी, लेकिन पार्टी ने उस समय चौधरी बाबूलाल को प्रत्याशी बनाया था।
अब वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने एक बार फिर अपनी दावेदारी मजबूत करते हुए पार्टी नेतृत्व के समक्ष अपनी इच्छा व्यक्त की है।
दस वर्षों से क्षेत्र में सक्रिय रहने का दावा
डॉ. संजीव पाल सिंह ने कहा कि वह पिछले दस वर्षों से फतेहपुर सीकरी विधानसभा क्षेत्र में लगातार सक्रिय रहकर जनता के बीच काम कर रहे हैं। क्षेत्र की समस्याओं और जनभावनाओं से वह भली-भांति परिचित हैं।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में फतेहपुर सीकरी सीट से भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवारी के आकांक्षी हैं और पार्टी यदि उन्हें अवसर देती है तो पूरी ताकत और समर्पण के साथ चुनाव लड़ेंगे।
प्रदेश मुख्यालय में की मुलाकात
डॉ. संजीव पाल सिंह ने लखनऊ स्थित भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पहुंचकर प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने फतेहपुर सीकरी विधानसभा क्षेत्र की राजनीतिक स्थिति, संगठनात्मक गतिविधियों तथा आगामी चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा की और अपनी दावेदारी से भी अवगत कराया।
'2027 में फिर बनेगी भाजपा सरकार'
बाद में एक न्यूज चैनल से बातचीत में डॉ. संजीव पाल सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रहित, विकास और सुशासन की नीति पर कार्य कर रही है। इसी आधार पर वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी उत्तर प्रदेश में पुनः प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में अवसरवादिता के लिए कोई स्थान नहीं है। संगठन की विचारधारा, समर्पित कार्यकर्ता और जनता का विश्वास ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है।
'मौका मिला तो पूरी निष्ठा से लड़ूंगा चुनाव'
फतेहपुर सीकरी विधानसभा सीट के संदर्भ में डॉ. संजीव पाल सिंह ने कहा कि यदि पार्टी नेतृत्व उन्हें चुनाव लड़ने का दायित्व सौंपता है तो वह पूरी निष्ठा, समर्पण और जनता के आशीर्वाद के साथ चुनाव मैदान में उतरेंगे तथा क्षेत्र के विकास और जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देंगे।