6 सीटों पर उप-चुनाव का ऐलान, मैदान में उतर सकती हैं ममता बनर्जी
चुनाव आयोग ने जिन छह सीटों पर उप-चुनाव की घोषणा की है, उनमें लोकसभा की एक सीट नागांव शामिल है। पांच विधानसभा सीटों में रेजीनगर, नंदीग्राम, मदुरंतकम, धारापुरम और थट्टानचावडी शामिल है।
नई दिल्ली। 4 राज्यों की 5 विधानसभा और एक लोकसभा सीट पर चुनाव आयोग ने उप-चुनाव की घोषणा की है। असम की नागांव लोकसभा सीट के साथ पश्चिम बंगाल की रेजीनगर-नंदीग्राम, तमिलनाडु की मदुरंतकम- धारापुरम और पुडुचेरी की थट्टानचावडी सीट पर 6 अक्टूबर को वोटिंग होगी। 9 अक्टूबर को नतीजों की घोषणा होगी।
नंदीग्राम सीट पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी का गढ़ रहा है। यहां से 2021 के विधानसभा चुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को सुवेंदु अधिकारी के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। वहीं इस बार के विधानसभा चुनाव में सुवेंदु दो सीटों भवानीपुर और नंदीग्राम से लड़े। दोनों ही सीटों पर सुवेंदु को जीत मिली। भवानीपुर में उन्होंने ममता बनर्जी को हराया। इस चुनाव में ममता की पार्टी टीएमसी को भी करारी हार का सामना करना पड़ा।
बड़ी जीत के बाद सुवेंदु ने अपनी परंपरागत सीट नंदीग्राम छोड़ दी। अब सवाल उठ रहा है कि क्या फिर से ममता बनर्जी मैदान में उतरेंगी और कार्यकर्ताओं में नई जान फूकेंगी।
नंदीग्राम सीट पर सुवेंदु अधिकारी को 127,301 वोट मिले। वहीं टीएमसी की उम्मीदवार प्रतीभा कर को 117,636 वोट मिले। वहीं 2021 के चुनाव में अधिकारी को 110,764 वोट मिले थे। ममता बनर्जी को 108,808 वोट मिले थे।
जिन छह सीटों पर उप-चुनाव की घोषणा हुई है, उनमें एक लोकसभा की सीट है। नागांव सीट से सांसद रहे प्रद्युत बोरदोलोई ने विधानसभा चुनाव से ठीक पहले इस्तीफा दे दिया था और कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हो गए थे।
पांच विधानसभा सीटों में पश्चिम बंगाल की दो रेजीनगर और नंदीग्राम शामिल है। रेजीनगर से आम जनता उन्नयन पार्टी के प्रमुख हुमांयु कबीर ने जीत दर्ज की थी। उन्हें नौडा सीट से भी जीत मिली। बाद में उन्होंने रेजीनगर से इस्तीफा दे दिया। अब यहां भी उप-चुनाव होने जा रहा है। हुमांयु कबीर को विधानसभा चुनाव से पहले टीएमसी ने पार्टी से निकाल दिया था। तमिलनाडु की मदुरंतकम और धारापुरम सीट पर भी उप-चुनाव होने जा रहा है। पुडुचेरी की थट्टानचावडी सीट पर भी चुनाव आयोग ने ऐलान किया है।