ताजनगरी में पहली बार जुटेंगे बिजली कारोबारी, 50 स्टॉल पर दिखेगी तकनीक और नए उत्पादों की ताकत
आगरा। ताजनगरी में पहली बार विद्युत व्यापार और तकनीक का ऐसा बड़ा मंच सजने जा रहा है, जहां प्रदेश भर के विद्युत व्यापारी, प्रतिष्ठित कंपनियां, निर्माता और ब्रांड एक साथ जुटेंगे। आगरा इलेक्ट्रिक कॉन्ट्रैक्टर्स एंड मर्चेंट्स एसोसिएशन की ओर से 13 सितंबर को फतेहाबाद रोड स्थित हैवेन्स गार्डन में एक दिवसीय विशाल इलेक्ट्रिक एक्सपो-2026 आयोजित किया जाएगा। सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक चलने वाले इस एक्सपो में 40 से 50 स्टॉल पर इलेक्ट्रिकल क्षेत्र के नवीनतम उत्पाद, आधुनिक तकनीक और सेवाओं का प्रदर्शन होगा। आयोजन में व्यापार के साथ तकनीकी जानकारी, नए कारोबारी अवसर और व्यापारी हितों पर भी व्यापक मंथन होगा। खास बात यह है कि एक्सपो में सभी के लिए प्रवेश निशुल्क रहेगा।
शनिवार को वाटर वर्क्स स्थित अतिथिवन में आयोजित कार्यक्रम में एसोसिएशन के पदाधिकारियों और विद्युत व्यापारियों ने एक्सपो के आकर्षक आमंत्रण पत्र और पोस्टर का विमोचन किया। इस दौरान आयोजन से जुड़ी तैयारियों और उद्देश्यों की जानकारी दी गई।
40 से 50 स्टॉल पर दिखेगा इलेक्ट्रिकल कारोबार का नया चेहरा
एसोसिएशन के अध्यक्ष मुकेश गुप्ता ने बताया कि 13 सितंबर, रविवार को ताज नगरी फेस टू, फतेहाबाद रोड स्थित हैवेन्स गार्डन में सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक एक्सपो आयोजित होगा। इसमें इलेक्ट्रिकल क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियां, निर्माता और प्रमुख ब्रांड 40 से 50 स्टॉल के माध्यम से अपने नवीनतम उत्पाद, आधुनिक तकनीक और सेवाओं को प्रदर्शित करेंगे। व्यापारियों, तकनीकी विशेषज्ञों और आम लोगों को एक ही स्थान पर विद्युत क्षेत्र की नई तकनीक और उत्पादों की जानकारी मिल सकेगी। उन्होंने बताया कि एक्सपो में प्रवेश पूरी तरह निशुल्क रखा गया है।
प्रदेश की कार्यकारिणी करेगी व्यापारी हितों पर मंथन
वरिष्ठ सलाहकार हरेश अग्रवाल ने बताया कि विद्युत व्यापार के इस महाकुंभ के दौरान सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक प्रादेशिक कार्यकारिणी सभा आयोजित की जाएगी। इसमें प्रदेश की विभिन्न जिला संघों के वरिष्ठ पदाधिकारी और प्रतिनिधि शामिल होंगे। बैठक में विद्युत उद्योग की नई संभावनाओं, व्यापारियों की समस्याओं और व्यापारी हितों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। इस दौरान प्रदेश के पदाधिकारियों का सम्मान भी किया जाएगा।
जरूरी इलेक्ट्रिकल उत्पादों पर जीएसटी घटाने की मांग
महासचिव राकेश गुप्ता के साथ संगठन के पदाधिकारियों और विद्युत व्यापारियों ने मीडिया के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से जरूरी इलेक्ट्रिकल उत्पादों पर जीएसटी की दर कम करने की अपील की। व्यापारियों का कहना है कि दैनिक जीवन और उद्योगों में इस्तेमाल होने वाले आवश्यक विद्युत उत्पादों पर कर की दर कम होने से आम उपभोक्ताओं के साथ व्यापार जगत को भी राहत मिलेगी।
वोकल फॉर लोकल से स्वदेशी कारोबार को बढ़ावा देने का संदेश
महासचिव राकेश गुप्ता ने कहा कि आगरा में पहली बार आयोजित किया जा रहा यह एक्सपो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ विजन से प्रेरित है। कोषाध्यक्ष संजीव अग्रवाल ने बताया कि शाम 6 बजे से विविध मनोरंजक, ज्ञानवर्धक और संदेशप्रद सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
ये भी रहे मौजूद
आमंत्रण पत्र और पोस्टर विमोचन के दौरान राकेश अग्रवाल, संदीप तिवारी, अनंत अग्रवाल, राहुल अग्रवाल, पंकज जिंदल, राजेश कुमार बरौलिया, दयानंद गुप्ता, दिलीप आहूजा, विपुल बंसल, स्वदेश बंसल, रवि अग्रवाल, अनिल कुंडलानी, संजय कुंडलानी, राधा वल्लभ अग्रवाल और निशु बंसल प्रमुख रूप से मौजूद रहे।