ईमेल पर बरेली के पुराने पासपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकीः ऑफिस खाली कराकर हुई जांच, कुछ नहीं मिला

-आरके सिंह- बरेली। बरेली के दीनदयाल पुरम (डीडीपुरम) स्थित प्रदर्शनी नगर में शुक्रवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पुराने पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिला। सुबह करीब 11:15 बजे आए इस मेल ने पूरे प्रशासनिक तंत्र को झकझोर दिया। आनन-फानन में पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड को मौके पर बुलाकर पूरे परिसर को खाली कराया गया।

Mar 27, 2026 - 19:19
 0
ईमेल पर बरेली के पुराने पासपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकीः ऑफिस खाली कराकर हुई जांच, कुछ नहीं मिला
बरेली के पुराने पासपोर्ट कार्यालय के बाहर जांच करती पुलिस टीम।

2 बजे तक उड़ाने की चेतावनी, ‘जहरीले बम’ का जिक्र

क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि रामनवमी के अवकाश के बावजूद केंद्रीय कार्य जारी था, तभी आधिकारिक ईमेल आईडी पर धमकी भरा संदेश प्राप्त हुआ। ईमेल में स्पष्ट लिखा गया था कि दोपहर 2:00 बजे तक ‘जहरीले बम’ से कार्यालय को उड़ा दिया जाएगा।

मेल मिलते ही तुरंत पुलिस, विदेश मंत्रालय और गृह मंत्रालय को सूचना दी गई, जिसके बाद पूरा सिस्टम अलर्ट मोड में आ गया।

पुलिस-प्रशासन का त्वरित एक्शन, खाली कराई गई बिल्डिंग

एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और बिना देरी किए पूरे पासपोर्ट कार्यालय को खाली कराया गया। सभी कर्मचारियों और आवेदकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। आसपास के क्षेत्र में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया।

बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की सघन जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड ने बिल्डिंग के कोने-कोने की गहन तलाशी ली। हर कमरे, गलियारे और छिपे स्थान की जांच की गई। संदिग्ध वस्तुओं की खोज के लिए विशेष उपकरणों का इस्तेमाल किया गया। फिलहाल कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।

साइबर टीम एक्टिव, ईमेल के स्रोत की तलाश

धमकी भरे ईमेल के पीछे कौन है, इसका पता लगाने के लिए साइबर टीम को सक्रिय कर दिया गया है। ईमेल के आईपी एड्रेस और सर्वर की जांच की जा रही है। संदिग्ध डिजिटल ट्रेल खंगाले जा रहे हैं। केंद्रीय एजेंसियां भी मामले पर नजर बनाए हुए हैं।

अचानक हुई इस कार्रवाई से मौके पर मौजूद लोगों में भय का माहौल बन गया। कई लोग घबराकर दूर चले गए, जबकि कुछ देर तक पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।

प्रशासन के मुताबिक अब तक कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली है, लेकिन खतरे को देखते हुए सुरक्षा में कोई ढील नहीं दी जा रही। पूरे मामले की गहन जांच जारी है।

SP_Singh AURGURU Editor