आगरा-जयपुर रोड पर महुअर की संकरी पुलिया पर वाहन को बचाते समय 50 फीट गहरी खाई में जा गिरी अर्टिगा, बाल-बाल बची दो युवकों की जान
-महावीर सिंह वर्मा- फतेहपुर सीकरी (आगरा)। आगरा-जयपुर हाईवे पर फतेहपुर सीकरी से आगरा जाते समय महुअर पुलिया के पास एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। संकरी पुलिया पर सामने से आ रहे वाहन को बचाने के प्रयास में एक अर्टिगा कार अनियंत्रित होकर करीब 50 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार दोनों युवक घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की तत्परता से दोनों को सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों के मुंह से यही निकला- जाको राखे साइयां, मार सके ना कोय।

घटनास्थल के पास एकत्रित लोग।
मंगलवार को फतेहपुर सीकरी से आगरा की ओर जा रही अर्टिगा कार में जसवंत नगर निवासी सौरव और फिरोजाबाद निवासी सुमित पुत्र श्रीपत सवार थे। महुअर पुलिया के समीप सड़क संकरी होने के कारण सामने से आ रहे वाहन को बचाने के प्रयास में कार अनियंत्रित होकर लगभग 50 फीट गहरी खाई में जा गिरी और नीचे जाकर अटक गई।
हादसे के बाद चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने तत्काल थाना पुलिस को सूचना दी और स्वयं के प्रयास से दोनों घायलों को कार से बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने दोनों घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र किरावली भेज दिया।
प्रभारी निरीक्षक सत्यवीर सिंह ने बताया कि कार सवार दोनों लोग सुरक्षित हैं। उन्हें चोटें आई हैं और उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। खाई में गिरी कार को क्रेन की सहायता से बाहर निकाला जाएगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि फतेहपुर सीकरी से महुअर तक राष्ट्रीय राजमार्ग का निर्माण हो चुका है, लेकिन इसके आगे लोक निर्माण विभाग की संकरी पुलिया लंबे समय से हादसों का कारण बनी हुई है। पुलिया की चौड़ाई कम होने और रात में वाहनों की तेज रोशनी के कारण यहां हर वर्ष दर्जनों दुर्घटनाएं होती हैं। कई बाइक सवार और चार पहिया वाहन पहले भी पुलिया के किनारे खाई में गिर चुके हैं।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बावजूद प्रशासन ने अब तक न तो सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए हैं और न ही समानांतर नए पुल के निर्माण की दिशा में कोई ठोस कदम उठाया है। लोगों का कहना है कि ऐसा प्रतीत होता है कि प्रशासन किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहा है।