भीषण गर्मी में भी ताजमहल की खूबसूरती को अपलक निहारते रहे अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो और उनकी पत्नी, बोले- बहुत खूबसूरत, आगरा में जोशीला स्वागत
आगरा। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो सोमवार सुबह अपनी पत्नी जीनेट रूबियो के साथ आगरा पहुंचे और विश्व प्रसिद्ध ताज महल का दीदार किया। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और भीषण गर्मी के बावजूद रुबियो दंपति ताजमहल की खूबसूरती में खोए नजर आए। ताजमहल भ्रमण के बाद उन्होंने विजिटर बुक में बहुत खूबसूरत लिखकर अपनी प्रतिक्रिया दर्ज की। उनके साथ भारत स्थित अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर समेत करीब 60 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल भी मौजूद रहा।
चार दिवसीय भारत दौरे पर आए मार्को रुबियो का यह दौरा भारत-अमेरिका संबंधों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। चीन, पाकिस्तान और ट्रम्प प्रशासन की नई एशिया नीति को लेकर इस यात्रा पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी नजर बनी हुई है।
सोमवार सुबह रुबियो दंपति विशेष विमान से आगरा के खेरिया एयरपोर्ट पहुंचे, जहां पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार और जिलाधिकारी मनीष बंसल ने उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट से उनका काफिला सीधे ताजमहल के लिए रवाना हुआ।
ताजमहल परिसर में सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए थे। स्मारक के भीतर कई स्तरों पर बैरिकेडिंग की गई और भ्रमण के दौरान पर्यटकों की एंट्री अस्थायी रूप से रोक दी गई। रविवार को एयरपोर्ट से ताजमहल तक पूरे रूट का फुल ड्रेस रिहर्सल भी किया गया था। अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों, स्थानीय प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम पूरे दौरे के दौरान सक्रिय रही। कई मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया और भारी पुलिस बल तैनात रहा।
ताजमहल में गाइड नितिन ने रुबियो दंपति को स्मारक की बारीक नक्काशी, मुगलकालीन स्थापत्य कला और इतिहास की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान रुबियो और उनकी पत्नी बार-बार ताजमहल की खूबसूरती को निहारते नजर आए। भीषण गर्मी के बावजूद दोनों ने पूरे परिसर का ध्यानपूर्वक भ्रमण किया।
ताजमहल के बाद अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल शहर के होटल द ओबेराय अमर विलास पहुंचा, जहां लंच की व्यवस्था की गई थी। इसके बाद दोपहर करीब 12:50 बजे मार्को रुबियो विशेष विमान से जयपुर के लिए रवाना हो गए।