इंसानियत की मिसाल: दूल्हे ने बरात को छोड़ घायल बराती को अस्पताल पहुंचाया, दो बाइक की टक्कर में घायल हुए थे दो युवक

फतेहपुर सीकरी में शुक्रवार रात एक सड़क हादसे ने बरात की खुशियों के बीच अचानक अफरा-तफरी मचा दी। दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की टक्कर में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इसी बीच दूल्हे ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए मंडप पर जाने से पहले घायल बराती को खुद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

Mar 6, 2026 - 22:11
 0
इंसानियत की मिसाल: दूल्हे ने बरात को छोड़ घायल बराती को अस्पताल पहुंचाया, दो बाइक की टक्कर में घायल हुए थे दो युवक
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचाररत घायल बराती।

-महावीर सिंह वर्मा-

फतेहपुर सीकरी। कस्बे के इसलामगंज फाटक के पास शुक्रवार रात करीब 9 बजे दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास मौजूद लोगों और बरातियों में अफरा-तफरी मच गई।

बताया गया है कि आगरा के खेरिया क्षेत्र के लोधा गांव से एक बरात कुम्हेर (जिला भरतपुर, राजस्थान) जा रही थी। इसी दौरान बरात में शामिल होने के लिए एक बराती अपनी निजी मोटरसाइकिल से फतेहपुर सीकरी पहुंचा। जैसे ही वह इसलामगंज फाटक के पास पहुंचा, सामने से आ रही दूसरी बाइक से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे में घायल बराती की पहचान अजय पुत्र दिनेश निवासी सुल्तानपुर, आगरा के रूप में हुई है, जबकि दूसरी बाइक चला रहा युवक सुफियान पुत्र पप्पू निवासी इसलामगंज, फतेहपुर सीकरी बताया गया है। दोनों को टक्कर के बाद गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही दर्द से कराहने लगे।

घटना की जानकारी मिलते ही दूल्हा और अन्य बराती तुरंत मौके पर पहुंचे। शादी की रस्मों से पहले दूल्हे ने इंसानियत को प्राथमिकता देते हुए घायल बराती को अपनी जिम्मेदारी पर तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर सीकरी पहुंचाया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन उनकी हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए आगरा रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद कुछ समय तक बरात में चिंता का माहौल रहा, हालांकि दूल्हे के इस मानवीय कदम की सभी ने सराहना की।

Top of Form

SP_Singh AURGURU Editor