दिवाली की खरीदारी करने निकला परिवार, पीछे से घर में घुसे चोर, 14 लाख का माल साफ

आगरा के ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र में चोरों ने दिनदहाड़े एक घर को निशाना बनाकर करीब 14 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली। परिवार करीब ढाई घंटे के लिए दिवाली की खरीदारी करने बाहर गया था। लौटने पर मुख्य गेट का ताला टूटा मिला और घर के अंदर अलमारी व बक्सों के ताले टूटे पड़े थे। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश में जुटी है।

Oct 26, 2026 - 16:28
 0
दिवाली की खरीदारी करने निकला परिवार, पीछे से घर में घुसे चोर, 14 लाख का माल साफ
चोर चोरी कर सामान बिखेर कर चले गए।

ट्रांस यमुना के आजाद नगर में दिनदहाड़े वारदात, कुंडा-ताला तोड़कर अलमारी और बक्सों से समेट ले गए सोने-चांदी के आभूषण व नकदी

आगरा। थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र के नगला रामबल स्थित आजाद नगर में चोरों ने दिनदहाड़े एक मकान को निशाना बनाकर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। परिवार के लोग महज करीब ढाई घंटे के लिए दिवाली की खरीदारी करने घर से बाहर निकले थे। इसी दौरान चोर मुख्य गेट का कुंडा और ताला तोड़कर घर में दाखिल हुए और अलमारी व बक्सों के ताले तोड़कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी समेट ले गए। परिवार के मुताबिक चोरी गए सामान की कीमत करीब 14 लाख रुपये है।

वारदात का पता उस समय चला, जब परिवार खरीदारी कर वापस घर पहुंचा। मुख्य गेट का ताला और कुंडा टूटा देखकर उनके होश उड़ गए। अंदर जाने पर कमरों में सामान बिखरा मिला और अलमारी व बक्सों के ताले टूटे हुए थे। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

सात साल से रह रहा है परिवार

नगला रामबल के आजाद नगर निवासी सतेंद्र सिंह पिछले करीब सात वर्षों से अपने परिवार के साथ रह रहे हैं। वह एक पीवीसी कंपनी में सुपरवाइजर हैं। उनका बेटा विक्की ठाकुर नोएडा में नौकरी करता है और हर शनिवार घर आता है। घर में सतेंद्र सिंह की पत्नी विनीता चौहान और बेटी नेहा चौहान रहती हैं। रविवार को विक्की अपनी मां और बहन के साथ दिवाली की खरीदारी के लिए ट्रांस यमुना कॉलोनी बाजार गया था। परिवार करीब 12 बजे घर से निकला और लगभग ढाई बजे वापस लौटा। यानी घर करीब ढाई घंटे तक खाली रहा। इसी दौरान चोरों ने वारदात को अंजाम दे दिया।

मुख्य गेट का ताला तोड़कर अंदर घुसे चोर

घर लौटने पर परिवार ने देखा कि मुख्य गेट का कुंडा और ताला टूटा हुआ था। अनहोनी की आशंका के बीच जब वे अंदर पहुंचे तो कमरे का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। अलमारी और बक्सों के ताले भी टूटे हुए थे। विक्की ठाकुर के मुताबिक, चोर घर से सोने-चांदी के आभूषण और करीब 10 हजार रुपये की नकदी ले गए। परिवार का कहना है कि चोरी गए आभूषणों की कुल कीमत करीब 14 लाख रुपये है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से आसपास के लोगों में भी दहशत का माहौल है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया। एसीपी छत्ता श्वेता वर्मा ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि संदिग्धों की पहचान कर उन्हें पकड़ा जा सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही वारदात का खुलासा किया जाएगा।

‘मेरी वर्षों की पूंजी चुरा ले गए’

चोरी के बाद परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। घर के अंदर बिखरा सामान और खाली अलमारी देखकर विनीता चौहान का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। वर्षों की मेहनत से जुटाए गए आभूषणों के चोरी होने से वह पूरी तरह टूट गईं। विनीता ने रोते हुए कहा, “मेरी वर्षों की पूंजी चुरा ले गए।” दिवाली से पहले हुई इस वारदात ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। जिस घर में त्योहार की तैयारियां और खुशियां होनी थीं, वहां अब चोरी के बाद चिंता, मायूसी और पुलिस जांच का माहौल है।