बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार परिवार हादसे का शिकार, दो बच्चे गंभीर, इलाज के दौरान एक की मौत

आगरा के मथुरा-आगरा रोड पर फौजी ढाबा के सामने बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार तीन लोग घायल हो गए। दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हुए, जिनमें से एक बच्चे शिवम की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

Mar 6, 2026 - 16:55
 0
बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार परिवार हादसे का शिकार, दो बच्चे गंभीर, इलाज के दौरान एक की मौत
घायल बालक।

आगरा। ताजनगरी आगरा में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला मथुरा‑आगरा रोड स्थित फौजी ढाबा के सामने का है, जहां एक तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में बाइक पर सवार तीन लोग घायल हो गए, जिनमें दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, घटना अरसेना क्षेत्र की है, जो सिकंदरा थाना क्षेत्र में आता है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक पर सवार तीन लोग मथुरा-आगरा रोड से गुजर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही बोलेरो ने अचानक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गए।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। घायलों को इलाज के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जबकि एक घायल को सम्राट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।

इलाज के दौरान गंभीर रूप से घायल बच्चे शिवम ने दम तोड़ दिया। मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। अस्पताल प्रशासन ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी में भिजवा दिया है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने पंचायतनामा की कार्रवाई करते हुए हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। वहीं हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।