फतेहपुर सीकरी को एडीए की ओर से छह करोड़ की विकास सौगात, रेलवे स्टेशन मार्ग होगा चौड़ा; सीसी सड़क समेत तीन परियोजनाओं को मिली मंजूरी

-महावीर सिंह वर्मा- फतेहपुर सीकरी (आगरा)। विश्व धरोहर नगरी फतेहपुर सीकरी में पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) ने करीब छह करोड़ रुपये की लागत से तीन महत्वपूर्ण विकास कार्यों को मंजूरी दे दी है। इनमें रेलवे स्टेशन मार्ग का चौड़ीकरण, नई सीसी सड़क का निर्माण और लंबे समय से कच्चे मार्ग को पक्का करने जैसी परियोजनाएं शामिल हैं। इन कार्यों के पूरा होने से स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को भी बेहतर आवागमन और बुनियादी सुविधाएं मिल सकेंगी।

Jul 8, 2026 - 19:59
 0
फतेहपुर सीकरी को एडीए की ओर से छह करोड़ की विकास सौगात, रेलवे स्टेशन मार्ग होगा चौड़ा; सीसी सड़क समेत तीन परियोजनाओं को मिली मंजूरी

जानकारी के अनुसार, फतेहपुर सीकरी विधायक चौधरी बाबूलाल ने 4 अप्रैल 2026 को आगरा विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एवं सचिव को पथकर निधि और अवस्थापना निधि से सात प्रमुख विकास कार्य कराए जाने का प्रस्ताव भेजा था। इनमें से प्रथम चरण में तीन परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान कर दी गई है।

स्वीकृत परियोजनाओं में रेलवे स्टेशन से शाहकुली तक लगभग 100 मीटर सड़क का चौड़ीकरण एवं नाली निर्माण, सतफेरा से जौताना तक सीसी सड़क का निर्माण तथा ग्वालियर गेट–मई बुजुर्ग रोड से मोहल्ला इस्लामगंज होते हुए नई आबादी मौजा कांदऊवार तक करीब 1.5 किलोमीटर लंबे कच्चे मार्ग का पक्कीकरण शामिल है।

विधायक चौधरी बाबूलाल ने बताया कि शेष चार विकास प्रस्तावों पर भी जल्द मंजूरी मिलने की उम्मीद है। इनमें गब्बंस नाले का पक्कीकरण, तेरह मोरी बांध पर झील चौपाटी विकसित कर बोटिंग जैसी पर्यटन सुविधाएं शुरू करना, गुलिस्ता पार्किंग से डाक बंगला तक रोपवे का निर्माण तथा बस स्टैंड के पास शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए बोरिंग और आरओ प्लांट की स्थापना शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि इन विकास कार्यों के पूरा होने से फतेहपुर सीकरी में पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलेगी। साथ ही क्षेत्र की सड़क व्यवस्था, जल निकासी, यातायात और आधारभूत ढांचे में उल्लेखनीय सुधार होगा। इससे स्थानीय नागरिकों के जीवन स्तर में भी सकारात्मक बदलाव आएगा और पर्यटन नगरी के रूप में फतेहपुर सीकरी की पहचान और मजबूत होगी।

SP_Singh AURGURU Editor