आगरा में पहली बार सप्त शिवालयों की दिव्य पालकियों संग निकलेगी कलश यात्रा, द्वादश ज्योतिर्लिंग झांकियों और नासिक बैंड से सजेगी शिव महापुराण कथा

आगरा। सनातन आस्था, शिव भक्ति और धार्मिक उल्लास का विराट स्वरूप इस बार आगरा में देखने को मिलेगा। शिव परिवार संस्था द्वारा आयोजित श्री शिव महापुराण कथा के अंतर्गत पहली बार शहर के सात प्रमुख शिवालयों की दिव्य पालकियां एक साथ भव्य कलश यात्रा में शामिल होंगी। 251 महिलाओं द्वारा सिर पर कलश धारण कर निकाली जाने वाली यह अलौकिक यात्रा आगरा को शिवमय बना देगी।

May 11, 2026 - 18:35
 0
आगरा में पहली बार सप्त शिवालयों की दिव्य पालकियों संग निकलेगी कलश यात्रा, द्वादश ज्योतिर्लिंग झांकियों और नासिक बैंड से सजेगी शिव महापुराण कथा
पुष्पांजलि सभागार, महाराजा अग्रसेन भवन, लोहा मंडी में श्री शिव महापुराण कथा के आमंत्रण पत्र का विमोचन करते शिव परिवार संस्था के छोटेलाल बंसल, सलिल गोयल, सुनील गोयल, आशीष अग्रवाल, दीपांशु अग्रवाल, अश्विनी बंसल, आकाश अग्रवाल, अनुरंजन सिंघल, वीरेंद्र सिंघल, अखिल मोहन मित्तल आदि।

सोमवार को पुष्पांजलि सभागार, महाराजा अग्रसेन भवन, लोहामंडी में श्री शिव महापुराण कथा के आमंत्रण पत्र का विमोचन किया गया। संस्था पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सामूहिक रूप से कथा का आमंत्रण जारी करते हुए शहरवासियों से अधिकाधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया।

मुख्य यजमान छोटेलाल बंसल एवं कांता बंसल ने बताया कि 17 मई से 22 मई तक प्रतिदिन सायं 5 बजे से महाराजा अग्रसेन भवन, लोहामंडी में श्री शिव महापुराण कथा का आयोजन किया जाएगा। कथा में याज्ञिकरत्न पंडित विष्णुकांत शास्त्री पूजन एवं वैदिक अनुष्ठान संपन्न कराएंगे, जबकि कथा व्यास मृदुल कांत शास्त्री श्रद्धालुओं को शिव महिमा का रसपान कराएंगे।

सप्त शिवालयों की पालकियां बनेंगी मुख्य आकर्षण

17 मई को प्रातः 8 बजे चिंताहरण मंदिर, जयपुर हाउस से भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा विभिन्न मार्गों से होती हुई कथा स्थल तक पहुंचेगी। यात्रा का सबसे बड़ा आकर्षण आगरा के प्रसिद्ध सप्त शिवालयों- श्रीमनःकामेश्वर नाथ महादेव, राजेश्वर नाथ महादेव, रावली महादेव, पृथ्वीनाथ महादेव, कैलाश महादेव, वनखंडी महादेव एवं बल्केश्वर नाथ महादेव की पालकी झांकियां होंगी। शहर में पहली बार इतने प्रमुख शिवालयों की पालकियां एक साथ धार्मिक यात्रा में शामिल होंगी।

इसके साथ ही द्वादश ज्योतिर्लिंगों की झांकियां, नासिक बैंड, पारंपरिक बाजे-गाजे और शिवभक्ति से ओतप्रोत वातावरण श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनेगा। 251 महिलाएं सिर पर कलश धारण कर यात्रा में शामिल होंगी तथा सभी श्रद्धालु दक्षिण भारतीय पारंपरिक वेशभूषा में उपस्थित रहेंगे।

मेहंदी, रुद्राभिषेक और सहस्त्रनाम पाठ के होंगे आयोजन

15 मई को महादेव के नाम की मेहंदी कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। वहीं 18 मई को कथा स्थल पर प्रातः 10 बजे से 201 रुद्राभिषेक संपन्न होंगे। इसके अलावा 21 मई को सुबह 10 बजे से गोपाल सहस्त्रनाम पाठ एवं तुलसी अर्चन का विशेष आयोजन किया जाएगा। सुनील गोयल ने बताया कि 23 मई, शनिवार को प्रातः 9 बजे से 11 बजे तक कथा विश्राम उपरांत हवन, ब्रह्मभोज एवं प्रसादी वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।

आमंत्रण पत्र विमोचन में जुटे श्रद्धालु और पदाधिकारी

आमंत्रण पत्र विमोचन अवसर पर आशीष अग्रवाल, दीपांशु अग्रवाल, अश्विनी बंसल, आकाश अग्रवाल, नीरज अग्रवाल, अनुरंजन सिंघल, वीरेंद्र सिंघल, निखिल गर्ग, महेश गोयल, जितेंद्र जैन, मुकेश गोयल, मनोज अग्रवाल, सरजू बंसल, छुट्टन जैन, प्रशांत मित्तल, जितेंद्र गोयल, गौरव मित्तल, अंजना अग्रवाल, सीमा गोयल, अमीषा अग्रवाल सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor