दिल्ली में अखिलेश यादव की हिरासत पर आगरा में सपाई रोड पर उतरे, फतेहाबाद रोड पर लगाया जाम, पुलिस से नोकझोंक
-गौरव प्रताप सिंह- आगरा। दिल्ली में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने की खबर के बाद आगरा में सपा कार्यकर्ताओं का आक्रोश सड़कों पर दिखाई दिया। मंगलवार शाम को बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता फतेहाबाद रोड पर उतर आए और सड़क जाम कर भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने वसई पुलिस चौकी का घेराव भी किया। पुलिस के समझाने पर कुछ देर तक नोकझोंक की स्थिति बनी रही। प्रदर्शनकारियों ने अखिलेश यादव की तत्काल रिहाई और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार को दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास के बाहर आयोजित प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इसकी सूचना मिलते ही उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों की तरह आगरा में भी सपा कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन के लिए सड़क पर उतर आए।
शाम को फतेहाबाद रोड स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकत्र हुए। इसके बाद सभी जुलूस के रूप में फतेहाबाद रोड पर पहुंचे और सड़क पर जाम लगा दिया। प्रदर्शन के दौरान भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
जाम की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को सड़क खाली करने के लिए समझाने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और सपा कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। हालांकि बाद में पुलिस अधिकारियों ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया।
प्रदर्शन के दौरान सपा नेताओं ने मांग की कि अखिलेश यादव को तत्काल रिहा किया जाए। साथ ही केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की भी मांग की गई।
सपा नेता देवेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन कर रही है। उनका कहना था कि अखिलेश यादव छात्रों के समर्थन में प्रदर्शन में शामिल होने गए थे, लेकिन उन्हें हिरासत में लेना लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ और तानाशाहीपूर्ण कदम है।
प्रदर्शन में सपा नेत्री ममता टपलू भी बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं के साथ शामिल हुईं। महिलाओं ने भी सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन में भाग लिया।
प्रदर्शन के चलते कुछ समय तक फतेहाबाद रोड पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने बाद में स्थिति सामान्य कराई।
Top of Form
Bottom of Form
Top of Form