पीएम मोदी के आह्वान पर सांसद नवीन जैन ने इलेक्ट्रिक कार अपनाई, काफिले की गाड़ियां भी घटा दीं
आगरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान को आगे बढ़ाते हुए सांसद नवीन जैन ने अपने काफिले में इलेक्ट्रिक वाहनों का प्रयोग शुरू कर दिया है। इतना ही नहीं, उन्होंने अपने साथ चलने वाली गाड़ियों की संख्या भी कम कर दी है, ताकि ईंधन की बचत हो, पर्यावरण सुरक्षित रहे और संसाधनों का संतुलित उपयोग सुनिश्चित किया जा सके।
सांसद नवीन जैन ने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में प्रत्येक नागरिक का यह दायित्व बनता है कि वह राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपनी दैनिक जीवनशैली में छोटे-छोटे लेकिन प्रभावी बदलाव करे।
सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से किए गए आह्वान केवल सरकारी योजनाओं तक सीमित नहीं हैं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को उन्हें अपने व्यवहार में उतारना होगा। उन्होंने कहा कि यदि आमजन इलेक्ट्रिक वाहनों का उपयोग बढ़ाएं, कारपूलिंग को अपनाएं, सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता दें और अनावश्यक ईंधन खर्च को रोकें, तो देश आर्थिक और पर्यावरणीय दोनों मोर्चों पर मजबूत होगा।
उन्होंने कहा कि राष्ट्र प्रथम अभियान के माध्यम से राष्ट्रहित के इन संकल्पों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में 19 मई को शाम 4 बजे विशाल जन संकल्प यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा भगवान टॉकीज चौराहे से प्रारंभ होकर संजय पैलेस स्थित शहीद स्मारक तक जाएगी। यात्रा का उद्देश्य राष्ट्रहित, जनजागरण, आत्मनिर्भर भारत और सामाजिक सहभागिता के संदेश को व्यापक स्तर पर फैलाना है।
सांसद नवीन जैन ने युवाओं, महिलाओं, व्यापारी संगठनों, सामाजिक संस्थाओं एवं आमजन से बड़ी संख्या में शामिल होकर इस अभियान को जनआंदोलन बनाने की अपील की।