बल्केश्वर मेला समिति के सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुने गये पूर्व पार्षद विमल गुप्ता, भव्य आयोजन का संकल्प
आगरा। बल्केश्वर महादेव मंदिर के ऐतिहासिक एवं प्राचीन मेले को अधिक व्यवस्थित, भव्य और परंपराओं के अनुरूप आयोजित करने की दिशा में क्षेत्रीय नागरिकों ने बड़ा निर्णय लिया है। बुधवार को आयोजित क्षेत्रवासियों की वृहद बैठक में पूर्व पार्षद विमल गुप्ता को सर्वसम्मति से बल्केश्वर मेला समिति का अध्यक्ष निर्वाचित किया गया। बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने उनके नेतृत्व में मेले को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने और क्षेत्र की धार्मिक परंपराओं को मजबूत करने का संकल्प लिया।
बल्केश्वर स्थित सकारात्मक भवन, पार्वती घाट पर आयोजित बैठक की अध्यक्षता पूर्व पार्षद डॉ. अशोक अग्रवाल ने की। बैठक में बल्केश्वर महादेव मंदिर के प्राचीन मेले की तैयारियों, उसके बेहतर संचालन और समिति के पुनर्गठन पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस दौरान समिति की निवर्तमान अध्यक्ष ममता शर्मा ने अध्यक्ष पद के लिए पूर्व पार्षद विमल गुप्ता का नाम प्रस्तावित किया। प्रस्ताव का बैठक में मौजूद सभी सदस्यों ने एकमत से समर्थन किया, जिसके बाद विमल गुप्ता को सर्वसम्मति से बल्केश्वर मेला समिति का अध्यक्ष घोषित कर दिया गया।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि बल्केश्वर महादेव मंदिर का मेला शहर की प्राचीन धार्मिक परंपराओं का महत्वपूर्ण हिस्सा है और इसकी बागडोर ऐसे व्यक्ति के हाथों में होनी चाहिए, जो क्षेत्र की संस्कृति, परंपराओं और जनभावनाओं से जुड़ा हो।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष विमल गुप्ता ने सभी क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि बाबा बल्केश्वरनाथ की कृपा से मेला पूरी भव्यता, गरिमा और धार्मिक परंपराओं के अनुरूप आयोजित किया जाएगा। समिति में सभी वर्गों और विभिन्न राजनीतिक विचारधाराओं के लोगों को साथ लेकर कार्य किया जाएगा तथा शीघ्र ही समिति का विस्तार भी किया जाएगा।
बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष को पूर्ण सहयोग देने तथा बल्केश्वर मेले को पहले से अधिक भव्य, सुव्यवस्थित और सफल बनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर आदर्श नंदन गुप्ता, पूर्व पार्षद अनिलकांत मिश्रा, वी.के. अग्रवाल, कपूरचंद रावत, मुकेश शर्मा, चन्द्रेश अग्रवाल, ऋषि अग्रवाल, प्रवीण लवानिया, पिंकी, कुमकुम उपाध्याय, आशा अग्रवाल, संतोष गुप्ता, मधुसूदन भट्ट, चन्द्रभान कहरवार, दीपक वर्मा, विनीता गोयल, नरेंद्र सिंघल आर्य, अनिल चतुर्वेदी, अनु शुक्ला, अरविन्द शर्मा, मनोज अग्रवाल, शैलू गौतम और बॉबी जोनई सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।