भाजपा के पूर्व दिग्गज नेता पर बैंक फ्रॉड का शिकंजा, 1.06 करोड़ की धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज

आगरा में आईसीआईसीआई बैंक ने भाजपा के पूर्व नेता मिश्रीलाल राजपूत समेत तीन लोगों के खिलाफ 1.06 करोड़ रुपये की कथित बैंक धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि फर्जी दस्तावेजों के जरिए 78 लाख रुपये का होम लोन और 15 लाख रुपये का टॉप-अप लोन लिया गया। बाद में बैंक जांच में पता चला कि संबंधित संपत्ति पहले से ही दूसरे बैंक में गिरवी रखी गई थी। हरि पर्वत थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Jul 22, 2026 - 13:21
 0
भाजपा के पूर्व दिग्गज नेता पर बैंक फ्रॉड का शिकंजा, 1.06 करोड़ की धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज

आगरा में आईसीआईसीआई बैंक से करोड़ों की कथित धोखाधड़ी का मामला उजागर

आगरा। आगरा में भारतीय जनता पार्टी के पूर्व कद्दावर नेता और लोधी राजपूत समाज के प्रमुख चेहरे रहे मिश्रीलाल राजपूत बैंक धोखाधड़ी के एक बड़े मामले में घिर गए हैं। आईसीआईसीआई बैंक ने हरीपर्वत थाने में मिश्रीलाल राजपूत, बैंककर्मी प्रियंका श्रीवास्तव और अंकुश श्रीवास्तव के खिलाफ करीब 1.06 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया है।

बैंक की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने कथित तौर पर फर्जी सेल डीड और अन्य दस्तावेजों का इस्तेमाल कर बैंक से भारी रकम का लोन हासिल किया। मामले में बताया गया है कि आरोपियों ने पहले 78 लाख रुपये का होम लोन लिया और बाद में उसी संपत्ति के आधार पर 15 लाख रुपये का टॉप-अप लोन भी प्राप्त कर लिया।

जांच में सामने आई बड़ी गड़बड़ी

आईसीआईसीआई बैंक के अधिकारियों के मुताबिक, जनवरी 2024 तक लोन की किश्तें नियमित रूप से जमा की जाती रहीं, लेकिन इसके बाद अचानक ईएमआई का भुगतान बंद हो गया। लगातार किश्तें नहीं आने पर बैंक ने आंतरिक जांच शुरू की। जांच के दौरान बैंक को पता चला कि जिस संपत्ति को गिरवी रखकर लोन लिया गया था, वह पहले से ही किसी अन्य बैंक के पास बंधक रखी जा चुकी थी। आरोप है कि इस महत्वपूर्ण तथ्य को छिपाकर और कथित रूप से फर्जी दस्तावेज तैयार कर बैंक को गुमराह किया गया।

ब्याज के साथ बढ़कर 1.06 करोड़ पहुंची देनदारी

बैंक के अनुसार, मूल रूप से करीब 93 लाख रुपये का लोन स्वीकृत किया गया था, लेकिन लगातार भुगतान न होने और ब्याज जुड़ने के कारण बकाया राशि अब बढ़कर लगभग 1.06 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए आईसीआईसीआई बैंक ने हरि पर्वत थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और दस्तावेजों की जांच की जा रही है।

पुलिस जुटी जांच में

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। अब बैंक रिकॉर्ड, संपत्ति से जुड़े दस्तावेज और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।