पीर कल्याणी नसिया जी जैन मंदिर में नवीन संत भवन का शिलान्यास, आचार्य सौभाग्यसागर जी महाराज के सानिध्य में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

आगरा। शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर मोतीलाल नेहरू रोड स्थित अतिशय क्षेत्र पीर कल्याणी नसिया जी के श्री नेमिनाथ दिगंबर जैन मंदिर में नवीन संत भवन का शिलान्यास किया गया। आगरा दिगंबर जैन परिषद के तत्वावधान में आयोजित समारोह में आचार्य श्री सौभाग्यसागर जी महाराज ससंघ के सानिध्य में वार्षिक कलशाभिषेक, त्यागवृत्ति सम्मान और क्षमावाणी महोत्सव भी संपन्न हुए। धार्मिक अनुष्ठानों में बड़ी संख्या में जैन समाज के श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

Oct 26, 2026 - 21:37
 0
पीर कल्याणी नसिया जी जैन मंदिर में नवीन संत भवन का शिलान्यास, आचार्य सौभाग्यसागर जी महाराज के सानिध्य में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
पीर कल्याणी नसिया जी जैन मंदिर में नवीन संत भवन के शिलान्यास के मौके पर श्रद्धालुओं को  संबोधित करते आचार्य सौभाग्यसागर महाराज।

कार्यक्रम का शुभारंभ धार्मिक विधि-विधान के साथ हुआ। हीरालाल जी बीना बैनाड़ा तथा श्रीमती उषा जैन मारसस ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद आगरा दिगंबर जैन परिषद के पदाधिकारियों ने चित्र अनावरण और दीप प्रज्ज्वलन किया। भगवान के जयकारों और धार्मिक मंत्रोच्चार से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा।

संत भवन के शिलान्यास में कई परिवारों ने निभाई सहभागिता

नवीन संत भवन के शिलान्यास की मांगलिक क्रियाएं धार्मिक विधि-विधान के साथ संपन्न हुईं। इनमें डॉ. नितिन जैन, सुनील जैन एवं मधु जैन, शिखरचंद गोधा, राजेंद्र जैन एवं नीलम जैन लाहुडिया, सुशील जैन नसिया जी, जिनेंद्र एवं अनीता जैन, भोलानाथ, विमल कुमार एवं सुनील जैन सिंघई, महेंद्र कुमार एवं अमित जैन सेठी, रमेश चंद जैन राशन वाले तथा राजेश कुमार एवं विशाल जैन परिवार ने सहभागिता की। धार्मिक क्रियाओं का निर्देशन सनत कुमार विनोद जैन रजवास ने किया।

संत भवन के शिलान्यास को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह रहा। समाज के लोगों ने इसे संतों के प्रवास, साधना और धार्मिक गतिविधियों के लिए बेहतर व्यवस्था विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

पांडुक शिला पर विराजमान कर किया कलशाभिषेक

शिलान्यास समारोह के बाद श्रीजी की प्रतिमा को पांडुक शिला पर विराजमान कर इंद्रों द्वारा विधि-विधान के साथ कलशाभिषेक किया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान की आराधना कर सुख-समृद्धि और समाज के कल्याण की मंगल कामना की। आचार्य श्री सौभाग्यसागर जी महाराज ससंघ का सानिध्य श्रद्धालुओं के लिए विशेष आध्यात्मिक प्रेरणा का केंद्र रहा।

त्यागवृत्ति सम्मान से सेवाभावी श्रद्धालुओं का अभिनंदन

आयोजन के अंतर्गत त्यागवृत्ति सम्मान समारोह भी हुआ। इसमें त्याग, तपस्या, संयम और धार्मिक मूल्यों के प्रति समर्पित श्रद्धालुओं का सम्मान किया गया। दशलक्षण पर्व के दौरान धार्मिक कार्यक्रमों की व्यवस्थाओं में सहयोग देने वाले भक्तों को दुपट्टा पहनाकर और माला भेंट कर सम्मानित किया गया। आयोजन में निस्वार्थ भाव से सेवा करने वाले समाजबंधुओं के योगदान की सराहना की गई।

क्षमावाणी महोत्सव ने दिया मैत्री और सद्भाव का संदेश

क्षमावाणी महोत्सव के माध्यम से समाज में आपसी प्रेम, मैत्री, सद्भाव और क्षमा की भावना मजबूत करने का संदेश दिया गया। जैन धर्म की परंपरा के अनुरूप सभी के प्रति क्षमाभाव रखने, आपसी मतभेद भुलाने और परस्पर सौहार्द बनाए रखने की प्रेरणा दी गई। आचार्य श्री सौभाग्यसागर जी महाराज ससंघ के सानिध्य में संपन्न धार्मिक आयोजनों ने अहिंसा, संयम, त्याग और धार्मिक संस्कारों के महत्व को रेखांकित किया।

कार्यक्रम का संचालन आगरा दिगंबर जैन परिषद के महामंत्री मनीष जैन ठेकेदार ने किया। इस अवसर पर राकेश जैन पर्देवाले, राजेंद्र जैन एडवोकेट, डॉ. जितेंद्र जैन, विमल जैन, अनंत जैन, रमेश जैन, पवन जैन चांदी, सचिन जैन, सुनील जैन काका, सुबोध जैन, पंकज जैन, मनीष जैन लवली, अजय जैन, प्रांजल जैन, मोनू जैन, राहुल जैन, मीडिया प्रभारी शुभम जैन, दीपक जैन और प्रवीन जैन सहित आगरा दिगंबर जैन परिषद के पदाधिकारी तथा सकल जैन समाज के श्रद्धालु उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor