आगरा में 26 अक्टूबर को नवीन संत भवन का शिलान्यास, 24 को आचार्य सौभाग्यसागर जी महाराज का मंगल प्रवेश
आगरा। आगरा दिगंबर जैन परिषद के तत्वावधान में 26 अक्टूबर को नवीन संत भवन शिलान्यास समारोह, वार्षिक कलशाभिषेक महोत्सव, त्यागवृत्ति सम्मान एवं क्षमावाणी महोत्सव आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए शुक्रवार को श्री नेमिनाथ दिगंबर जैन मंदिर, अतिशय क्षेत्र पीर कल्याणी नसिया जी, आगरा में परिषद की बैठक हुई। कार्यक्रम के तहत 24 अक्टूबर को आचार्यश्री सौभाग्यसागर जी महाराज ससंघ का भव्य मंगल प्रवेश होगा। बैठक में आयोजन की रूपरेखा पर चर्चा के साथ कार्यक्रम से संबंधित पत्रिका का विमोचन भी किया गया।
परिषद के उपाध्यक्ष राजेंद्र जैन एडवोकेट ने बताया कि 26 अक्टूबर के धार्मिक आयोजनों को भव्य बनाने के लिए तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। कार्यक्रम में जैन समाज के बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। उन्होंने समाज के सभी लोगों से आयोजन में सहभागिता करने की अपील की।
परिषद के महामंत्री मनीष जैन ठेकेदार ने बताया कि समारोह में नवीन संत भवन का शिलान्यास, वार्षिक कलशाभिषेक महोत्सव, त्यागवृत्ति सम्मान और क्षमावाणी महोत्सव सहित विभिन्न धार्मिक आयोजन होंगे। इनका उद्देश्य धर्म प्रभावना के साथ समाज में धार्मिक संस्कारों और एकता की भावना को मजबूत करना है।
परिषद के अर्थमंत्री राकेश जैन पदेर्वाले ने कहा कि आयोजन की व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा, संतों के स्वागत और कार्यक्रम के सुचारु संचालन के लिए परिषद के पदाधिकारी तथा समाज के लोग मिलकर कार्य कर रहे हैं।
24 अक्टूबर को निकलेगा आचार्यश्री का मंगल प्रवेश
कार्यक्रम के अंतर्गत 24 अक्टूबर को शाम चार बजे आचार्यश्री सौभाग्यसागर जी महाराज ससंघ का भव्य मंगल प्रवेश होगा। मंगल विहार श्री अग्रवाल दिगंबर जैन मंदिर, मोती कटरा से प्रारंभ होगा। बैंड-बाजों और श्रद्धालुओं की अगवानी के साथ आचार्यश्री ससंघ श्री नेमिनाथ दिगंबर जैन मंदिर, अतिशय क्षेत्र पीर कल्याणी नसिया जी पहुंचेंगे। आचार्यश्री के पावन सान्निध्य में 26 अक्टूबर को प्रस्तावित धार्मिक आयोजन संपन्न होंगे।
आयोजन को लेकर आगरा के जैन समाज में उत्साह है। परिषद के पदाधिकारियों ने समाज के सभी श्रद्धालुओं से मंगल प्रवेश और आगामी धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होकर धर्मलाभ प्राप्त करने की अपील की है।
बैठक में मनीष जैन, लवली जैन, कुमार मंगलम जैन, सचिन जैन, प्रदीप रांवका, संदीप जैन और मीडिया प्रभारी शुभम जैन सहित जैन समाज के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।