विधायक निधि से कमला नगर में अत्याधुनिक बहुद्देश्यीय हॉल, ई-लाइब्रेरी और सड़कों का शिलान्यास, केंद्रीय मंत्री प्रो. बघेल बोले- शिलान्यास ही नहीं, उद्घाटन भी करते हैं, बुजुर्गों को मिलेंगी सभी सुविधाएं- खंडेलवाल

आगरा। आगरा उत्तर विधानसभा क्षेत्र में वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा, सामाजिक सहभागिता और आधुनिक सुविधाओं को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल की विधायक निधि से कर्मयोगी कमला नगर में बहुद्देश्यीय हॉल, पुस्तकालय, वाचनालय, ई-लाइब्रेरी, शौचालय तथा राधिका बिहार की दो सड़कों एवं वैभव रेजीडेंसी के पार्क के विकास कार्यों का शिलान्यास किया गया।

Jun 22, 2026 - 18:43
 0
विधायक निधि से कमला नगर में अत्याधुनिक बहुद्देश्यीय हॉल, ई-लाइब्रेरी और सड़कों का शिलान्यास, केंद्रीय मंत्री प्रो. बघेल बोले- शिलान्यास ही नहीं, उद्घाटन भी करते हैं, बुजुर्गों को मिलेंगी सभी सुविधाएं- खंडेलवाल
कमला नगर में बहुउद्देशीय हॊल और सड़कों के शिलान्यास कार्यक्रम में बोलते केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल। मंचस्थ हैं विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल और अन्य भाजपा नेता।

केंद्रीय मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल और विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों ने इन विकास परियोजनाओं का स्वागत किया। कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त केंद्र विकसित करने की घोषणा भी की गई।

वरिष्ठ नागरिकों के लिए बनेगा अत्याधुनिक सुविधा केंद्र

कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा मंडल अध्यक्ष शिव शैलेंद्र एवं पार्षद श्रीमती कंचन बंसल ने शिलान्यास कर किया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर और मार्गदर्शक हैं। उनके सम्मान, सुविधा और सामाजिक सहभागिता को बढ़ाने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं।

उन्होंने विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के लिए कराए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि भाजपा केवल शिलान्यास नहीं करती, बल्कि समयबद्ध तरीके से उद्घाटन भी करती है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह भवन बुजुर्ग माताओं और वरिष्ठ नागरिकों के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होगा तथा भविष्य में यह संस्कार केंद्र के रूप में विकसित होगा।

वातानुकूलित हॉल, ई-लाइब्रेरी और खेल सुविधाएं होंगी उपलब्ध

विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने बताया कि बहुद्देश्यीय हॉल पूरी तरह वातानुकूलित होगा, जहां वरिष्ठ नागरिकों के मनोरंजन एवं स्वास्थ्यवर्धक गतिविधियों के लिए शतरंज, कैरम बोर्ड सहित विभिन्न खेलों की व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही भवन परिसर में पुस्तकालय और वाचनालय का निर्माण भी कराया जाएगा, जिसमें धार्मिक, साहित्यिक एवं ज्ञानवर्धक पुस्तकों का संग्रह रहेगा। उन्होंने बताया कि भवन की विद्युत आवश्यकता पूरी करने के लिए सौर ऊर्जा संयंत्र भी स्थापित कराया जाएगा, जिससे यह परियोजना पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी उदाहरण बनेगी।

रखरखाव में भी मिलेगा सामाजिक सहयोग

कर्मयोगी वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष पवन बंसल ने घोषणा की कि बहुद्देश्यीय भवन के रखरखाव और संचालन में उनकी संस्था भी पूरा सहयोग करेगी। वहीं वरिष्ठ नागरिक कल्याण सेवा समिति, आगरा के अध्यक्ष ए.के. गुप्ता ने विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल को इस जनहितकारी कार्य के लिए बधाई एवं आशीर्वाद दिया। उन्होंने केंद्रीय मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके जनसेवा कार्यों की भी प्रशंसा की।

बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक रहे मौजूद

कार्यक्रम में नेशनल चैंबर के पूर्व अध्यक्ष सीताराम अग्रवाल, कर्मयोगी वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष पवन बंसल, भाजपा मंडल अध्यक्ष शिव शैलेंद्र, वरिष्ठ नागरिक कल्याण सेवा समिति के महामंत्री अनिल कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष अजय अग्रवाल, उपाध्यक्ष प्रेमचंद्र तिवारी, वरिष्ठ नेता एवं लोकतंत्र सेनानी सतीश अग्रवाल, कुलभूषण शर्मा, पार्षद कंचन बंसल, हरिओम गोयल, पूजा गिरिराज बंसल, पूर्व पार्षद दीपक ढल एवं ताराचंद मित्तल, पीयूष अग्रवाल, संजय अग्रवाल, मनोज गर्ग, संजय गुप्ता, हरीश गोयल, अंकित बंसल, बहादुर वर्मा, रोहित सूर्यवंशी, गौरव श्रीवास्तव, के.सी. खंडेलवाल, महेश नारायनी, सत्य प्रकाश अग्रवाल, अशोक नारायनी, रैलेश अग्रवाल, राकेश मित्तल, राम जिंदल, शिव शंकर अग्रवाल, मोहन मामा अग्रवाल, विजय रोहतगी, संजीव अग्रवाल, चंद्र प्रकाश गोयल, मनीष अग्रवाल, प्रसून अग्रवाल, जयदेव शर्मा, अजय अग्रवाल, मुकुल जमदग्नि सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता ए.के. अग्रवाल ने की, जबकि संचालन संजय अग्रवाल ने किया।

SP_Singh AURGURU Editor