आगरा में चार बेटियों की एक साथ विदाई: बैंड-बाजों संग लायंस क्लब विश्वास ने निभाया कन्यादान का फर्ज
आगरा में मानवता, संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारी का अनूठा उदाहरण देखने को मिला, जब लायंस क्लब आगरा विश्वास ने निर्धन परिवारों की चार बेटियों का सामूहिक विवाह कराकर न केवल उनकी जिंदगी संवार दी, बल्कि समाज को एक सशक्त संदेश भी दिया।
आगरा। लायंस क्लब आगरा विश्वास की ओर से विजय नगर स्थित विजय क्लब में भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें चार जोड़ों ने एक साथ सात फेरे लेकर नए जीवन की शुरुआत की।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में लायंस क्लब के वीडीजी प्रथम डॉ. आर.एन. वर्मा एवं वीडीजी द्वितीय अजय भार्गव उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने नवदंपतियों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद और समृद्ध वैवाहिक जीवन की कामना की।
डॉ. आरएन वर्मा ने कहा कि जब समाज के सहयोग से किसी बेटी का हाथ योग्य वर के हाथ में सौंपा जाता है, तो यह केवल विवाह नहीं, बल्कि ईश्वर की कृपा का प्रतीक बन जाता है। वहीं अजय भार्गव ने सामूहिक विवाह को सामाजिक समानता और सहयोग की मिसाल बताते हुए कहा कि गरीब परिवारों की बेटियों को सम्मानपूर्वक विदा करना सबसे बड़ा पुण्य कार्य है।
अध्यक्ष मयंक अग्रवाल ने बताया कि यह आयोजन चार परिवारों के लिए नई उम्मीद और खुशियों की शुरुआत है। समारोह में बैंड-बाजों और ढोल-नगाड़ों के साथ दूल्हों की बारात विजय क्लब पहुंची, जहां क्लब की महिला सदस्यों रश्मि अग्रवाल, वंदना गर्ग, रितु मित्तल, मीनू अग्रवाल, निधि बंसल, नमिता अग्रवाल, रितिका गुप्ता और नूपुर गोयल ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ उनका भव्य स्वागत किया।
जयमाला की रस्म पूरी होते ही पूरा पंडाल तालियों और खुशियों की गूंज से भर उठा।
सचिव सुशील बंसल और कोषाध्यक्ष सिद्धार्थ बंसल ने जानकारी दी कि नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थी की शुरुआत के लिए अलमारी, टीवी, फ्रिज, डबल बेड, सिलाई मशीन, कूलर, सूटकेस, वाटर कूलर, बर्तन सहित आवश्यक घरेलू सामग्री उपहार स्वरूप भेंट की गई।
संयोजक निखिल गर्ग ने बताया कि वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अमित-कविता, बीरपाल-सलोनी, दीपक-पूनम और विष्णु-हिमानी ने सात फेरे लेकर जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया।
समारोह के अंत में भावुक माहौल के बीच सभी जोड़ों की विदाई हुई, जहां उपस्थित लोगों की आंखें नम हो उठीं। इस अवसर पर अनुपम अग्रवाल, प्रशांत मित्तल, राजीव अग्रवाल, संजीव मित्तल, अजय अग्रवाल, राजकुमार कोल, महेश अग्रवाल, रितेश गुप्ता, दीपक गोयल, अनित अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।