आगरा में चार दिवसीय विकास मेला शुरू, केंद्र के 12 और प्रदेश सरकार के 9 वर्षों की उपलब्धियां प्रदर्शित

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बुधवार को आगरा के बीएसएनएल ग्राउंड में चार दिवसीय प्रदर्शनी एवं विकास मेले का शुभारंभ हुआ। केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल और जनप्रतिनिधियों ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। मेले में केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और सांस्कृतिक विरासत को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया है।

Jun 17, 2026 - 16:48
 0
आगरा में चार दिवसीय विकास मेला शुरू, केंद्र के 12 और प्रदेश सरकार के 9 वर्षों की उपलब्धियां प्रदर्शित
बीएसएनएल ग्राउंड पर आयोजित चार दिवसीय प्रदर्शनी का बुधवार को उद्घाटन करते केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया और महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता।

आगरा। समेकित जन-कल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान के तहत 17 से 20 जून तक बीएसएनएल ग्राउंड में आयोजित प्रदर्शनी एवं विकास मेले का बुधवार को केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, डॉ. धर्मपाल, चौ. बाबूलाल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया, महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता तथा अन्य जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति में शुभारंभ हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ फीता काटकर और दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। अतिथियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया। संस्कृति विभाग के कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक, ब्रज के रास नृत्य और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से विकास, जनकल्याण और सांस्कृतिक विरासत का संदेश दिया।

सरकार की उपलब्धियों को बताया ऐतिहासिक

अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और विकास के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि, हर घर जल, स्वच्छ भारत मिशन, डिजिटल इंडिया और आत्मनिर्भर भारत जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था, आधारभूत संरचना, स्वास्थ्य, शिक्षा, निवेश, रोजगार और महिला सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। एक्सप्रेस-वे, मेडिकल कॉलेज, एयरपोर्ट और औद्योगिक निवेश जैसी परियोजनाओं ने प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है।

गरीब, किसान, युवा और महिलाएं सरकार की प्राथमिकता

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य हर पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाना है। उन्होंने दावा किया कि पिछले वर्षों में लगभग 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। जन-धन योजना के तहत 58 करोड़ से अधिक बैंक खाते खोले गए, जिनमें 32 करोड़ से अधिक महिलाओं के हैं। 81 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन, 60 करोड़ से अधिक आयुष्मान कार्ड, 4 करोड़ से अधिक पक्के मकान, 11 करोड़ उज्ज्वला गैस कनेक्शन, 12 करोड़ से अधिक शौचालय और 16 करोड़ घरों तक नल से जल पहुंचाया गया है। पीएम स्वनिधि और मुद्रा योजना के माध्यम से लाखों लोगों को आर्थिक सहायता मिली है।

विभिन्न विभागों के स्टॉल बने आकर्षण का केंद्र

मेले में कृषि, उद्यान, महिला एवं बाल विकास, नगर निगम, माटीकला बोर्ड, खादी एवं ग्रामोद्योग, जिला उद्योग, पंचायती राज, पशुपालन, स्वास्थ्य, श्रम, परिवहन तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाए हैं। इन स्टॉलों पर आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण भी किया जा रहा है।

कृषि विभाग द्वारा प्राकृतिक खेती, कम लागत में अधिक आय, जल संरक्षण, जैविक खाद, बीज, मिलेट्स, स्थानीय कृषि उत्पाद और आधुनिक सिंचाई तकनीकों की जानकारी भी किसानों को दी जा रही है।

राम मंदिर मॉडल सेल्फी प्वाइंट बना आकर्षण

सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा केंद्र सरकार के 12 वर्ष और उत्तर प्रदेश सरकार के 9 वर्ष की उपलब्धियों पर आधारित विशेष चित्र प्रदर्शनी लगाई गई है। इसके साथ अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर का मॉडल सेल्फी प्वाइंट भी बनाया गया है, जहां बड़ी संख्या में लोग सेल्फी लेकर आकर्षण का केंद्र बना रहे हैं।

17 से 20 जून तक मेले में आने की अपील

जिलाधिकारी मनीष बंसल और मुख्य विकास अधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे 17 से 20 जून तक बीएसएनएल ग्राउंड में आयोजित प्रदर्शनी एवं विकास मेले का अवलोकन करें तथा अपनी पात्रता के अनुसार विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं में पंजीकरण कर लाभ उठाएं।

कार्यक्रम में भाजपा महानगर महामंत्री महेश शर्मा, नीतेश शिवहरे, नवीन गौतम, पार्षद गौरव शर्मा, मनवीर चौहान, सहदेव शर्मा, मीडिया प्रभारी रोहित कत्याल, तपेश जैन, डॉ. निधि शर्मा, दीपु जादौन, कुशल गोयल सहित जिला प्रशासन के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor