विरासत से विकास तक: आत्मनिर्भर आगरा के संकल्प संग लघु उद्योग भारती मनाएगी 33वां स्थापना दिवस

आगरा। आगरा की औद्योगिक विरासत को आत्मनिर्भर भारत के विजन से जोड़ते हुए लघु उद्योग भारती अपने 33वें स्थापना दिवस समारोह को भव्य रूप में मनाने जा रही है। खंदारी बायपास रोड स्थित होटल सागर रत्ना में गुरुवार को आयोजित आमंत्रण पत्र विमोचन एवं उद्घोषणा समारोह में आगरा के लघु उद्योगों की वर्तमान चुनौतियों, भविष्य की संभावनाओं और समग्र औद्योगिक विकास को लेकर व्यापक मंथन किया गया। कार्यक्रम में उद्योग जगत से जुड़े पदाधिकारियों ने आगरा को समर्थ और आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प दोहराया।

May 21, 2026 - 18:48
 0
विरासत से विकास तक: आत्मनिर्भर आगरा के संकल्प संग लघु उद्योग भारती मनाएगी 33वां स्थापना दिवस
खंदारी बायपास रोड स्थित होटल सागर रत्ना में लघु उद्योग भारती के 33वें स्थापना दिवस समारोह के आमंत्रण पत्र का विमोचन करते मुख्य अतिथि दीपक अग्रवाल एवं साथ में सीए अतुल अग्रवाल, मनीष अग्रवाल रावी, विजय गुप्ता, राजीव बंसल, सीए नितेश गुप्ता व अन्य।

जिलाध्यक्ष विजय गुप्ता ने बताया कि 24 मई को वाटर वर्क्स स्थित अग्रवन में समर्थ और आत्मनिर्भर आगरा : विरासत से विकास तक  आगरा के लघु उद्योगों का स्वर्णिम सफर विषय पर 33वां स्थापना दिवस समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह होंगे। विशिष्ट अतिथियों में उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग, लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय अध्यक्ष मधुसूदन दादू एवं प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र सिंह प्रमुख रूप से उपस्थित रहेंगे।

आमंत्रण पत्र विमोचन समारोह के मुख्य अतिथि एवं लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय सचिव दीपक अग्रवाल ने कहा कि प्रत्येक जिले के व्यापार और उद्योग की समस्याएँ अलग होती हैं और संगठन उन्हें केंद्र स्तर तक पहुंचाकर समाधान का प्रयास करता है। उन्होंने कहा कि उद्योगों की मजबूती से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और देश की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।

दीपक अग्रवाल ने आगरा की कनेक्टिविटी को उद्योगों के लिए बड़ा अवसर बताते हुए कहा कि एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट और देश के केंद्र में स्थित होने के कारण आगरा समग्र और संतुलित औद्योगिक विकास का बड़ा केंद्र बन सकता है।

प्रदेश सचिव मनीष अग्रवाल रावी ने बताया कि समारोह में 500 से 600 उद्यमियों की सहभागिता होगी, जिसमें समाज के हर वर्ग से जुड़े उद्योगपति एवं औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।

महासचिव राजीव बंसल ने कहा कि संगठन का उद्देश्य प्रत्येक उद्योग का विस्तार करते हुए आगरा को पूर्ण रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। वहीं कोषाध्यक्ष संजीव जैन ने बताया कि लघु उद्योग भारती लीडरशिप एंड एंटरप्रेन्योरशिप एडवांसमेंट प्रोग्राम, टेक्नोलॉजी ट्रांसफर एंड इनोवेशन, एमएसएमई स्टार्टअप, ग्राम शिल्प उद्योग प्रोत्साहन तथा इंडस्ट्री-अकादमी समन्वय जैसे विषयों पर सक्रिय रूप से कार्य कर रही है।

कार्यक्रम संयोजक सीए नितेश गुप्ता ने बताया कि स्थापना दिवस समारोह में प्रदेश के विभिन्न जिलों से उद्यमी शामिल होंगे। साथ ही आगरा की औद्योगिक पहचान और स्थानीय उत्पादों को प्रदर्शित करने वाली विशेष स्टॉल्स भी लगाई जाएंगी, जिससे उद्योगों की सामूहिक और सशक्त आवाज को मंच मिल सके।

इस अवसर पर कार्यक्रम प्रभारी सीए आलोक अग्रवाल, दिनेश गुप्ता, अर्जुन गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor