शोक से संवाद तक, आगरा में अखिलेश का दो दिवसीय दौरा, 2027 की चुनावी रणनीति का भी होगा आगाज

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव दो दिवसीय दौरे पर आगरा आए हुए हैं। राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन के धेवते के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की। डॉ. आलोक पारीक, विनय अग्रवाल समेत कई नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। रविवार को ‘विजन इंडिया’ कार्यक्रम में उद्यमियों, युवाओं और विभिन्न वर्गों से संवाद करेंगे। कार्यक्रम के जरिए सपा 2027 विधानसभा चुनाव के लिए स्थानीय मुद्दों पर आधारित रणनीति तैयार करेगी।

Jun 13, 2026 - 18:36
 0
शोक से संवाद तक, आगरा में अखिलेश का दो दिवसीय दौरा, 2027 की चुनावी रणनीति का भी होगा आगाज
सांसद रामजीलाल सुमन के आवास पर पहुंच कर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने उनके धेवते के निधन पर शोक व्यक्त किया।

रामजीलाल सुमन के परिवार को दी सांत्वना, कार्यकर्ताओं से मुलाकात के साथ ‘विजन इंडिया’ कार्यक्रम में युवाओं और उद्यमियों से करेंगे सीधा संवाद

आगरा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव शनिवार को दो दिवसीय दौरे पर आगरा पहुंचे। उनके इस दौरे में जहां एक ओर पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करने का मानवीय पक्ष दिखाई दिया, वहीं दूसरी ओर आगामी 2027 विधानसभा चुनावों की रणनीतिक तैयारियों की झलक भी साफ नजर आई।

दोपहर करीब 2:30 बजे अखिलेश यादव सबसे पहले हरीपर्वत क्षेत्र स्थित राज्यसभा सांसद एवं सपा के राष्ट्रीय महासचिव रामजीलाल सुमन के आवास पहुंचे। यहां उन्होंने हाल ही में दिवंगत हुए सुमन के धेवते के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की और परिवार के साथ करीब 45 मिनट तक समय बिताया। इस दौरान उन्होंने कहा कि युवा और होनहार धेवते की असमय मृत्यु ने सभी को झकझोर दिया है। वह ऐसा व्यक्तित्व था जो हर किसी को साथ लेकर चलता था। हम इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ खड़े हैं।

सांसद आवास के बाहर बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। जैसे ही अखिलेश यादव बाहर निकले, समर्थकों ने उन्हें घेर लिया। धक्का-मुक्की के बीच उन्होंने कई कार्यकर्ताओं से मुलाकात की, लेकिन मीडिया के सवालों पर ज्यादा प्रतिक्रिया देने से बचते हुए कहा कि आज वह केवल शोक संवेदना व्यक्त करने आए हैं और विस्तृत बातचीत रविवार को होगी।

रिश्तों को निभाने का संदेश

रामजीलाल सुमन के आवास से निकलने के बाद अखिलेश यादव प्रख्यात होम्योपैथिक चिकित्सक पद्मश्री डॉ. आर.एस. पारीक के पुत्र डॉ. आलोक पारीक के आवास पहुंचे। मुलायम सिंह यादव और डॉ. आर.एस. पारीक के बीच वर्षों पुराने पारिवारिक संबंध रहे हैं। मुलायम सिंह यादव जब भी आगरा आते थे, पारीक परिवार से मुलाकात अवश्य करते थे। उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए अखिलेश यादव ने भी परिवार से मुलाकात कर आत्मीय संबंधों को मजबूती दी।

इसके बाद उन्होंने समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और वर्ष 2022 में दक्षिण विधानसभा सीट से सपा प्रत्याशी रहे विनय अग्रवाल के आवास पर पहुंचकर मुलाकात की। वैश्य समाज में मजबूत पकड़ रखने वाले विनय अग्रवाल पार्टी के प्रभावशाली नेताओं में गिने जाते हैं। अपने दो दिवसीय कार्यक्रम के दौरान अखिलेश यादव चार प्रमुख कार्यकर्ताओं और नेताओं के घर पहुंचकर मुलाकात करेंगे। इनमें युवा नेता रिजवानउद्दीन कुरैशी भी शामिल हैं, जो मुस्लिम समाज और युवा वर्ग के बीच सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

‘विजन इंडिया’ से 2027 का रोडमैप

अखिलेश यादव के दौरे का सबसे महत्वपूर्ण पड़ाव रविवार को होने वाला ‘विजन इंडिया : योजना, विकास और उन्नति (पीडीए)’ कार्यक्रम माना जा रहा है। फतेहाबाद रोड स्थित मुगल होटल में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में वह उद्यमियों, युवाओं, उद्योगपतियों, पर्यटन एवं हैंडीक्राफ्ट कारोबारियों, निजी अस्पताल और कॉलेज संचालकों, एमएसएमई प्रतिनिधियों तथा विभिन्न सामाजिक वर्गों के लोगों से सीधे संवाद करेंगे।

समाजवादी पार्टी इस कार्यक्रम के माध्यम से प्रदेश के अलग-अलग जिलों की समस्याओं और संभावनाओं को समझकर स्थानीय मुद्दों पर आधारित चुनावी घोषणापत्र तैयार करने की रणनीति पर काम कर रही है। आगरा के पर्यटन, उद्योग, रोजगार, आधारभूत ढांचे और व्यापारिक चुनौतियों से जुड़े सुझावों को भी इसमें शामिल किया जा सकता है।

प्रदेश सचिव राहुल चतुर्वेदी के अनुसार, यह केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं बल्कि समाज के विभिन्न वर्गों से विचार-विमर्श का मंच होगा, जहां विकास और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की जाएगी।

पीडीए फार्मूले के बाद नई राजनीतिक कवायद

लोकसभा चुनाव 2024 में पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) फार्मूले के जरिए उल्लेखनीय सफलता हासिल करने के बाद समाजवादी पार्टी अब विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी में जुट गई है। पार्टी स्थानीय मुद्दों को केंद्र में रखकर जनता के बीच पहुंचने की रणनीति बना रही है। 

सूत्रों के मुताबिक, ‘विजन इंडिया’ कार्यक्रम की रूपरेखा सपा सरकार में सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री रहे अभिषेक मिश्रा ने तैयार की है। माना जा रहा है कि इस अभियान के जरिए समाजवादी पार्टी विकास, रोजगार, उद्योग और युवाओं के मुद्दों पर अपनी नई राजनीतिक दिशा प्रस्तुत करेगी।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आगरा दौरा केवल शोक संवेदना तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पश्चिमी उत्तर प्रदेश में संगठन को मजबूत करने और 2027 के चुनावी अभियान की शुरुआती दस्तक भी है।